यूटिलिटी

Online Shopping में Fake Website की पहचान कैसे करें? किन बातों पर दें ध्यान

ऑनलाइन शॉपिंग के इस दौर में कोई भी चीज देखते ही पसंद आ जाती है तो खरीदने की इच्छा भी जग जाती है। हालांकि, कई बार ऑनलाइन शॉपिंग की कुछ वेबसाइट फेक भी होती हैं।

Image

फेक शॉपिंग वेबसाइट की कैसे करें पहचान (Photo: iStock)

Online Shopping Scams: ऑनलाइन शॉपिंग (Online Shopping) ने खरीदारी को काफी आसान बना दिया है। घर बैठे मोबाइल या लैपटॉप से कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, जूते, फर्नीचर से लेकर रोजमर्रा की कई चीजें खरीदी जा सकती हैं। कई बार किसी वेबसाइट पर पसंदीदा सामान बेहद कम कीमत में दिखाई देता है और उसे देखते ही खरीदने का मन भी बन जाता है। लेकिन सस्ते ऑफर के चक्कर में जल्दबाजी करना नुकसानदायक हो सकता है। इंटरनेट पर कई फेक शॉपिंग वेबसाइट (Fake Shopping Website) भी मौजूद हैं, जो ग्राहकों से पैसे लेकर सामान नहीं भेजतीं या फिर गलत और नकली प्रोडक्ट भेज देती हैं। ऐसे में किसी वेबसाइट से खरीदारी करने से पहले यह जांचना जरूरी है कि वह भरोसेमंद है या नहीं-

वेबसाइट के URL पर दें ध्यान

सबसे पहले वेबसाइट का URL ध्यान से देखें। फेक वेबसाइट अक्सर असली ब्रांड या लोकप्रिय शॉपिंग वेबसाइट के नाम से मिलता-जुलता डोमेन इस्तेमाल करती हैं। वेबसाइट के एड्रेस में छोटी-सी स्पेलिंग की गलती या अतिरिक्त शब्द भी संकेत हो सकता है कि वेबसाइट असली नहीं है। साथ ही देखें कि वेबसाइट का URL HTTPS से शुरू हो रहा है या नहीं।

ऑफर और कीमत पर भी दें ध्यान

वेबसाइट पर दिए गए ऑफर और कीमतों पर भी ध्यान दें। अगर किसी महंगे प्रोडक्ट की कीमत बाकी सभी वेबसाइट के मुकाबले बहुत कम है और उस पर असामान्य रूप से बड़ा डिस्काउंट दिया जा रहा है, तो सावधान हो जाएं। ऐसे ऑफर के पीछे फर्जी वेबसाइट या धोखाधड़ी की संभावना हो सकती है।

वेबसाइट पर कॉन्टैक्ट डिटेल्स करें चेक

वेबसाइट के About Us, Contact Us, Return Policy और Refund Policy जैसे पेज जरूर देखें। कंपनी का पूरा पता, फोन नंबर और ईमेल जैसी जानकारी स्पष्ट रूप से दी गई है या नहीं, यह जांचें। अगर वेबसाइट पर संपर्क की जानकारी अधूरी है या केवल एक मोबाइल नंबर दिया गया है, तो वहां से खरीदारी करने से बचना बेहतर है।

रिव्यू और शिकायतों को करें चेक

किसी वेबसाइट से सामान खरीदने से पहले उसके बारे में इंटरनेट पर रिव्यू और शिकायतें भी खोजें। गूगल पर वेबसाइट का नाम लिखकर उसके साथ review, scam या complaint जैसे शब्द जोड़कर सर्च किया जा सकता है। अगर कई लोगों ने पैसे कटने, सामान नहीं मिलने या रिफंड न मिलने की शिकायत की है, तो ऐसी वेबसाइट से दूरी बनाएं।

Cash on Delivery का ऑप्शन चुनें

पेमेंट करते समय भी सावधानी जरूरी है। अनजान वेबसाइट पर सीधे बैंक अकाउंट, कार्ड या दूसरी संवेदनशील जानकारी देने से बचें। संभव हो तो ऐसी वेबसाइट पर Cash on Delivery का विकल्प चुनें, लेकिन इसे भी वेबसाइट की विश्वसनीयता की गारंटी न मानें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article