Panchak November 2026: नवंबर 2026 में पंचक की शुरुआत 17 नवंबर, मंगलवार से होने जा रही है। इस बार पंचक मंगलवार को शुरू हो रहे हैं, इस कारण इसे अग्नि पंचक कहा जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पंचक के पांच दिनों में कुछ विशेष काम करने से बचना चाहिए। खासतौर पर अग्नि पंचक के दौरान आग, ईंधन और निर्माण से जुड़े कार्यों को लेकर सावधानी बरतना चाहिए। ऐसे में अगर आप नवंबर में कोई नया निर्माण कार्य शुरू करने, घर की छत डलवाने या दक्षिण दिशा की यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो पंचक की अवधि में इनको टाल देना ही बेहतर रहेगा।
नवंबर 2026 में पंचक कब से कब तक रहेंगे
पंचांग के अनुसार, नवंबर 2026 में पंचक 17 नवंबर, मंगलवार को दोपहर 3 बजकर 31 मिनट पर शुरू होंगे। इनका समापन 22 नवंबर, रविवार को सुबह 5 बजकर 55 मिनट पर होगा। इस तरह पंचक की अवधि लगभग साढ़े चार दिन रहेगी। मंगलवार से शुरुआत होने के कारण इस बार अग्नि पंचक का संयोग बन रहा है।
अग्नि पंचक को ज्योतिषीय मान्यताओं में सावधानी बरतने वाला समय माना जाता है। इस दौरान विशेष रूप से आग से जुड़े कामों में सतर्कता रखने और परंपरागत रूप से वर्जित माने गए कार्यों से बचने चाहिए।
कब लगते हैं पंचक
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, जब चंद्रमा कुंभ से मीन राशि में गोचर करता है, तब पंचक की अवधि बनती है। इस समय चंद्रमा, धनिष्ठा नक्षत्र के उत्तरार्ध से लेकर शतभिषा, पूर्वा भाद्रपद, उत्तरा भाद्रपद और रेवती नक्षत्र से गुजरता है। इसमें करीब 5 दिनों का समय लगता है। इस कारण इन 5 दिनों के समय को पंचक कहा जाता है।
चंद्रमा लगभग 27 दिनों में राशि चक्र का एक चक्कर पूरा करता है। इसी वजह से पंचक भी लगभग हर महीने आते हैं। हालांकि, पंचक की शुरुआत जिस वार को होती है, उसके आधार पर इनके अलग-अलग नाम होते हैं। जैसे रविवार को शुरू होने वाला पंचक रोग पंचक, सोमवार को राज पंचक, मंगलवार को अग्नि पंचक, बुधवार और गुरुवार को सौम्य पंचक व शुक्रवार को चोर और शनिवार से शुरू होने वाला पंचक मृत्यु पंचक होता है।
खतरनाक रहेगा यह पंचक
नवंबर में पंचक की शुरुआत मंगलवार को हो रही है। मंगलवार का संबंध मंगल ग्रह से माना जाता है, जो आग के कारक होते हैं। इस कारण मंगलवार के शुरू होने वाला पंचक अग्नि पंचक होता है। इस दौरान अग्नि से संबंधित कार्यों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। धार्मिक मान्यता है कि अग्नि पंचक के दौरान आग से जुड़े काम, ईंधन का संग्रह और कुछ निर्माण कार्य शुरू करने से बचना चाहिए। इस दौरान दुर्घटना होने का भी खतरा रहता है।
पंचक के दौरान भूलकर भी न करें ये काम
पंचक के दौरान दक्षिण दिशा की यात्रा करना वर्जित माना जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, दक्षिण दिशा को यमराज की दिशा कहा गया है। इसी वजह से पंचक में इस दिशा की यात्रा टालनी चाहिए। अगर किसी जरूरी काम से दक्षिण दिशा में जाना अनिवार्य हो, तो पूजा-पाठ और हनुमान जी का स्मरण करके निकलें या फिर पहले उत्तर दिशा की ओर जाएं फिर वहां से दक्षिण की ओर चले जाएं।
घर की छत डलवाने से बचें: पंचक के दौरान मकान की छत डलवाना भी वर्जित माना जाता है। मान्यता है कि इस अवधि में छत निर्माण कराने से परिवार में परेशानियां और आर्थिक समस्याएं बढ़ सकती हैं। अगर घर बनवाने का काम चल रहा है, तो पंचक के दौरान छत डालने का काम टालना बेहतर माना जाता है। लकड़ी और ईंधन इकट्ठा न करें: पंचक में लकड़ी, घास, सूखी लकड़ियां, कंडे और अन्य ईंधन इकट्ठा करने से बचना चाहिए। इस पंचक में आग लगने का भय बना रहता है।
चारपाई या पलंग बनाने से बचें: पंचक के दौरान नई चारपाई या पलंग बनवाना भी पारंपरिक रूप से वर्जित माना गया है। मान्यता है कि इस अवधि में पलंग बनवाने से परिवार के सदस्यों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
अंतिम संस्कार का है विशेष नियम: पंचक के दौरान किसी व्यक्ति का निधन होने पर अंतिम संस्कार को लेकर विशेष धार्मिक नियम बताए गए हैं। मान्यता के अनुसार, दाह संस्कार के समय मृत शरीर के साथ कुशा या आटे से बने 5 पुतले अर्थी पर रखें और उनका भी उसी विधि से अंतिम संस्कार करें। इसके साथ ही पंचक दोष की शांति के लिए ब्राह्मणों से महामृत्युंजय मंत्र का जाप करा सकते हैं। इसके साथ ही ब्राह्मणों को अन्न और वस्त्र दान करें। इसके साथ ही छायापात्र का दान कर सकते हैं। इसके अलावा आप गरुड़ पुराण का पाठ भी करा सकते हैं।
अग्नि पंचक के दौरान क्या उपाय करने चाहिए
पंचक के दौरान नियमित पूजा-पाठ, दान और मंत्र जाप करें। पंचक के पांचों दिन सुबह स्नान के बाद सूर्य देव को जल अर्पित करें। जल में थोड़ा लाल चंदन या रोली मिलाकर सूर्य को अर्घ्य दे सकते हैं। इस दौरान सूर्य देव के मंत्रों का जाप करना भी शुभ माना जाता है। अपनी श्रद्धा के अनुसार जरूरतमंद लोगों को अन्न, वस्त्र या धन का दान करें। मंगलवार से पंचक शुरू होने के कारण हनुमान जी की पूजा और हनुमान चालीसा का पाठ भी कर सकते हैं।
