नई दिल्ली: भारतीय महिला हरफनमौला दीप्ति शर्मा को अक्टूबर महीने के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की महीने की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी चुना गया है। जिम्बाब्वे के खिलाफ सीमित ओवरों की शृंखला में शानदार प्रदर्शन करने वाली दीप्ति ने दूसरी बार यह पुरस्कार अपने नाम किया। उन्होंने इस दौड़ में बांग्लादेश की शोभना मोस्तारी और ऑस्ट्रेलिया की एनाबेल सदरलैंड को पीछे छोड़ा। दीप्ति ने आईसीसी की ओर से जारी बयान में कहा,'आईसीसी महिला ’प्लेयर ऑफ द मंथ’ का पुरस्कार जीतकर मैं खुश हूं। जिम्बाब्वे के खिलाफ शृंखला हमारे लिए शानदार रही। शतक लगाना मेरे लिए बेहद खास पल था और टीम की जीत में योगदान देने से इसकी खुशी और बढ़ गई।'
दीप्ति ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 और वनडे दोनों प्रारूपों में अहम योगदान दिया। उन्होंने रायपुर में पहले टी20 मुकाबले में 49 रन की तेजतर्रार पारी खेली। उस समय भारतीय टीम 19 रन पर चार विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। उनकी पारी से भारत को जीत मिली। पूरी टी20 शृंखला में उन्होंने दो विकेट लिए और भारत ने 3-0 से सूपड़ा साफ किया। एकदिवसीय शृंखला के पहले मुकाबले में भी उन्होंने दो विकेट लेकर टीम की जीत में योगदान दिया। दूसरे वनडे में उन्होंने अपना दूसरा वनडे शतक लगाया और तीन विकेट भी झटके। भारत ने यह मुकाबला जीतकर शृंखला में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल की। दीप्ति ने दौरे पर कुल छह अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 155 रन बनाने के साथ सात विकेट लिए। भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ सभी छह मुकाबले जीते।
पुरुष वर्ग में दक्षिण अफ्रीका के हरफनमौला मार्को यानसेन को अक्टूबर का आईसीसी ’प्लेयर ऑफ द मंथ’ चुना गया। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपनी टीम की विश्व टेस्ट चैंपियनशिप शृंखला में 2-1 की यादगार जीत में अहम भूमिका निभाई। छब्बीस वर्षीय यानसेन ने पाकिस्तान के उभरते हरफनमौला अराफात मिन्हास और वेस्टइंडीज के सीमित ओवरों के कप्तान शाई होप को पीछे छोड़कर पहली बार यह पुरस्कार हासिल किया।
(भाषा)
