क्रिकेट

IND vs NZ 4th ODI: विराट और रोहित का शून्य पर शिकार करने के बाद मैट हेनरी ने भरी टेस्ट सीरीज के लिए हुंकार

भारतीय क्रिकेट टीम का माउंट मोनगानुई में खेले गए सीरीज के चौथे वनडे में अपनी घातक गेंदबाजी से हाल बेहाल करने वाले कीवी तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने आगामी टेस्ट सीरीज के लिए हुंकार भरी है।

Image

मैट हेनरी (फोटो क्रेडिट ANI)

माउंट मोनगानुई: तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने कहा कि न्यूजीलैंड की गेंदबाजी इकाई पूरी शृंखला के दौरान लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत जैसी विश्व स्तरीय बल्लेबाजी इकाई को भी परेशान करने की अपनी क्षमता दिखाई है। हेनरी के छह विकेट के बूते न्यूजीलैंड ने भारत पांच मैचों की शृंखला के चौथे वनडे में भारत को महज 89 रन पर आउट कर 244 रन की बड़ी जीत दर्ज की।

हेनरी ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा,'हमारी कोशिश गेंदबाजी इकाई के रूप में लगातार दबाव बनाए रखने की थी। नयी गेंद से पूरी शृंखला में हमने जिस तरह गेंदबाजी की है, वह शानदार रही है। हमने दिखाया है कि हम विकेट लेने और भारत जैसी विश्वस्तरीय टीम को दबाव में रखने में सक्षम हैं। भारतीय टीम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजी इकाइयों में से एक है। पहले दो मैचों में भी हमने ऐसा किया था। भले ही उन मुकाबलों में नतीजे हमारे पक्ष में नहीं रहे, लेकिन हमने अपनी क्षमता दिखाई। आज हम फिर ऐसा करने में सफल रहे।'

हेनरी ने युवा तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर और काइल जैमीसन की तारीफ करते हुए कहा,'फिशर जैसे गेंदबाज को टीम में आते और अपनी गति के साथ बेहतर होते देखना शानदार और उत्साहजनक है। जैमीसन ने भी हमेशा की तरह शानदार प्रदर्शन किया। नयी गेंद से वह बेहतरीन गेंदबाज हैं। यह पूरी टीम के लिए अच्छा अनुभव रहा है।'

हेनरी ने पारी के पहले ही ओवर में रोहित शर्मा, विराट कोहली और कप्तान श्रेयस अय्यर को खाता खोले बिना पवेलियन भेज कर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया था। उन्होंने पहले ओवर में ही तीन बड़े विकेट के बारे में पूछे जाने पर कहा,'ये हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण विकेट थे। इन खिलाड़ियों के पास काफी अनुभव है। वे लगातार रन बनाते हैं और इतनी तेजी से रन बना सकते हैं कि कुछ ही समय में मैच का रुख बदल दें। वनडे क्रिकेट में लक्ष्य का पीछा करने वाले वे दो सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में शामिल हैं।हम जानते थे कि खासकर शुरुआत में इन विकेटों का कितना महत्व है। हम उन्हें क्रीज पर जमने का मौका नहीं दे सकते थे। भारतीय टीम के खिलाफ मजबूत शुरुआत करना हमारे लिए बेहद जरूरी था और खुशी है कि हम ऐसा करने में सफल रहे।'

अभ्यास के दौरान साथी खिलाड़ी डेवोन कॉनवे से टकराने के कारण कन्कशन (बेहोशी जैसी स्थिति) का शिकार हुए हेनरी ने चोट से उबरकर टीम में वापसी की है। उन्होंने भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट शृंखला को लेकर भी उत्साह जताया। उन्होंने कहा,'मैं अभी बहुत ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता। भारत के पास मजबूत बल्लेबाजी क्रम है और मैं यहां कोई गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा। लेकिन यह बहुत अच्छी शृंखला होने वाली है और हम इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।'

हेनरी ने कहा,'अभी हमें एक और वनडे खेलना है। हमारे लिए शृंखला बराबर करने की कोशिश करना बेहद जरूरी है। इसके बाद हम टेस्ट शृंखला की ओर बढ़ेंगे। पूरी टीम इसे लेकर उत्साहित है।' मैच के बाद विराट कोहली की ओर से उन्हें विशेष जर्सी भेंट किए जाने पर भी हेनरी ने खुशी जताई। उन्होंने इस उपहार को बेहद खास बताया। हेनरी ने कहा,'मैंने उनसे उनकी जर्सी मांगी थी। वह विश्वस्तरीय खिलाड़ी हैं और हम वर्षों से एक-दूसरे के खिलाफ खेलते रहे हैं। वह शानदार इंसान हैं और विश्वस्तरीय बल्लेबाज भी। उनकी ओर से जर्सी मिलना मेरे लिए बेहद खास और यादगार रहा।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article