माइक्रोसॉफ्ट 365 की सर्विस इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए बड़ी खबर है। गुरुवार की रात से नेटवर्क में शुरू हुई दिक्कत की वजह से शुक्रवार को लगभग पूरे दिन सर्विस पूरी तरह से ठप रहीं। हालांकि अब इसके यूजर्स के लिए राहत भरी खबर है। लगभग 15 घंटे के आउटेज के बाद एक बार फिर से सर्विस शुरू हो गई हैं। आउटेज के चलते आउटलुक ईमेल, माइक्रोसॉफ्ट टीम्स और कोपायलट जैसी जरूरी सेवाएं काम नहीं कर पा रही थीं। इन सेवाओं पर निर्भर लोगों को अपने रोजमर्रा के काम करने में काफी दिक्कत हुई।
माइक्रोसॉफ्ट का यह आउटेज इतना बड़ा था कि इससे दुनियाभर के लगभग 74 देश प्रभावित हुए। माइक्रोसॉफ्ट ने साफ किया है कि इस परेशानी के पीछे कोई साइबर हमला नहीं था। कंपनी के मुताबिक, सुरक्षित कनेक्शन बनाने वाले सर्वरों पर अचानक बहुत ज्यादा दबाव बढ़ गया था। इस वजह से सर्वर यूजर्स की रिक्वेस्ट को ठीक से प्रोसेस नहीं कर पाए और सेवाएं ठप हो गईं। फिलहाल कंपनी सेवाओं को सामान्य करने में जुटी है और धीरे-धीरे यूजर्स को राहत मिल रही है।
माइक्रोसॉफ्ट के डाउन होने की वजह से कुछ ही घंटे में हजारों करोड़ों का नुकसान हो गया। इसकी वजह से कई देशों को अपनी कई सारी एयरलाइन्स को भी कैंसिल करना पड़ा। इसके साथ ही कई सारे देशों के सरकारी विभाग का भी काम इसकी वजह से पूरी तरह से ठप रहा।
इससे पहले आउटेज को लेकर कंपनी की तरफ से एक बड़ा अपडेट भी दिया गया। इसमें बताया गया कि आउटेज से प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर को रिकवर करने का काम लगातार जारी है। कंपनी इस समस्या को ठीक करने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम कर रही है। इसका मतलब है कि सभी सेवाओं को एक साथ ठीक करने के बजाय अलग-अलग वर्कलोड और सिस्टम को धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लाया जा रहा है।
