यूटिलिटी

अब आधार कार्ड की फोटोकॉपी नहीं होगी जरूरी! QR कोड से होगा सब कुछ, सरकार ला रही नया ऐप

E-Aadhaar Update New app: UIDAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने बताया कि इसके लिए एक नया ऐप विकसित किया गया है और एक लाख मशीनों में से लगभग 2,000 अब नए टूल पर चले गए हैं। इसी ऐप से सभी काम घर बैठे आसानी से हो सकेंगे। सिर्फ बायोमेट्रिक (फिंगरप्रिंट और आईरिस) अपडेट के लिए आधार केंद्र जाना होगा।

Image

नवंबर तक आधार में नाम, पता, मोबाइल नंबर और जन्मतिथि में संशोधन जैसी सुविधाएं घर बैठे उपलब्ध होंगी।

E-Aadhaar: आने वाले कुछ हफ्तों में आपको आधार की फोटोकॉपी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यूआईडीएआई (UIDAI) ने एक नया ऐप विकसित किया है जिसकी मदद से आप इलेक्ट्रॉनिक आधार (e-Aadhaar) को QR कोड के जरिए शेयर कर सकेंगे। यह ऐप पूरी जानकारी या मास्क्ड आधार दोनों को शेयर करने की सुविधा देगा।

आने वाला है नया आधार ऐप

टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, UIDAI के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भुवनेश कुमार ने बताया कि आप जल्द ही घर बैठे फिंगरप्रिंट और IRIS प्रदान करने के अलावा बाकी सभी काम कर सकेंगे। इसमें पता, फोन नंबर अपडेट करना, नाम परिवर्तन और यहां तक कि गलत जन्मतिथि को सुधारना भी शामिल होगा। इसके लिए एक नया ऐप विकसित किया गया है और एक लाख मशीनों में से लगभग 2,000 अब नए टूल पर चले गए हैं।

घर बैठे होंगे नाम, पता, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर में बदलाव

यूआईडीएआई के सीईओ भुवनेश कुमार ने बताया कि नवंबर तक आधार में नाम, पता, मोबाइल नंबर और जन्मतिथि में संशोधन जैसी सुविधाएं घर बैठे उपलब्ध होंगी। सिर्फ बायोमेट्रिक (फिंगरप्रिंट और आईरिस) अपडेट के लिए आधार केंद्र जाना होगा।

जन्म प्रमाण पत्र से लेकर ड्राइविंग लाइसेंस तक होंगे मान्य

पते के अपडेट के लिए अब जन्म प्रमाण पत्र, मैट्रिक सर्टिफिकेट, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, पैन कार्ड, पीडीएस और मनरेगा जैसे दस्तावेजों को आधार से जोड़ा जाएगा। इससे फर्जी दस्तावेजों के उपयोग पर रोक लगेगी और प्रक्रियाएं सरल होंगी।

होटल चेक-इन से लेकर ट्रेन यात्रा तक में होगा उपयोग

QR कोड आधारित मोबाइल-टू-मोबाइल या ऐप-टू-ऐप आधार शेयरिंग सिस्टम होटल में चेक-इन से लेकर ट्रेन यात्रा में पहचान सत्यापन तक इस्तेमाल किया जा सकेगा। यह सुविधा केवल उपयोगकर्ता की अनुमति से ही डेटा साझा करेगी, जिससे डेटा सुरक्षा सुनिश्चित होगी।

संपत्ति रजिस्ट्रेशन में धोखाधड़ी पर लगेगी लगाम

यूआईडीएआई राज्य सरकारों को संपत्ति पंजीकरण के समय आधार से पहचान सत्यापन के लिए जागरूक कर रहा है। इससे पंजीकरण प्रक्रिया में होने वाले धोखाधड़ी के मामलों को रोका जा सकेगा।

बच्चों के आधार अपडेट के लिए विशेष अभियान

टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, सीईओ कुमार ने बताया कि 5-7 साल और 15-17 साल की उम्र में जरूरी बायोमेट्रिक अपडेट के लिए सीबीएसई और अन्य बोर्डों से बातचीत हो रही है। जल्द ही 8 करोड़ बच्चों का पहला और 10 करोड़ बच्चों का दूसरा अपडेट अभियान चलाया जाएगा।

सुरक्षा एजेंसियों और होटलों से हो रही साझेदारी

यूआईडीएआई उन संस्थाओं से भी साझेदारी कर रहा है जिन्हें आधार का उपयोग करने का कानूनी अधिकार नहीं है, जैसे सुरक्षा एजेंसियां और होटल, ताकि डिजिटल पहचान को व्यापक रूप से अपनाया जा सके।

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article