मुंबई वासियों को लगा महंगाई का झटका, बढ़ गए CNG-PNG के दाम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 13, 2022, 11:29 AM IST

CNG price hiked: मुंबई में कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस और पाइप वाली प्राकृतिक गैस के दाम में फिर से बढ़ोतरी हुई है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं।

मुंबई वासियों को लगा महंगाई का झटका, बढ़ गए CNG-PNG के दाम
Photo Credit: BCCL

नई दिल्ली। महंगाई की मार झेल रही जनता को एक और झटका लगा है। मुंबई में खाद्य पदार्थों से लेकर पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स और गैस की बढ़ती कीमतों ने लोगों की परेशानियों को और भी बढ़ा दिया है। महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने मुंबई में एक बार फिर से कम्प्रेस्ड नेचुरल गैस यानी CNG की रिटेल कीमत में इजाफा कर दिया है। इतना ही नहीं, मुंबई में पाइप वाली प्राकृतिक गैस यानी PNG के दाम भी बढ़ गए हैं। नई दरें आज यानी 13 जुलाई 2022 से लागू हो गई हैं।

कितनी बढ़ी कीमत?
सीएनजी का दाम चार रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ गए हैं। इसके साथ ही पाइप वाली प्राकृतिक गैस के दाम तीन रुपये प्रति मानक घनमीटर (प्रति इकाई) बढ़ाए गए हैं। इस वृद्धि के बाद अब मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में सीएनजी की कीमत 80 रुपये प्रति किलो हो गई है। पीएनजी का दाम 48.50 रुपये हो गया है।

क्यों बढ़ी कीमत?
गैस वितरक कंपनी ने कहा है कि गैस कीमतों में तेजी और डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट से कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कंपनी डोमेस्टिक गैस आवंटन में कमी को पूरा करने के लिए विदेशी बाजार से गैस खरीद रही है।

क्या होगा असर
सीएनजी और पीएनजी के बढ़े हुए दामों का सीधा असर आम आदमी पर पड़ेगा। इससे टैक्सी और कैब सर्विस प्रभावित हो सकती है। सीएनजी के दामों के आसमान छूने से ओला और उबर जैसी कैब सर्विस की राइड महंगी हो सकती हैं।

सरकार लेती है फैसला
ऊर्जा क्षेत्र को उदार बनाने के बावजूद, सरकार अभी भी प्राकृतिक गैस की कीमत और सप्लाई दोनों को काफी हद तक नियंत्रित करती है। कीमतें और आपूर्ति आवंटन साल में दो बार अग्रिम रूप से तय किया जाता है।

End of Article