शहर

HPU गेट पर SFI-ABVP में मारपीट, कैंपस में मचा हंगामा; 5 छात्र गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) में एसएफआई और एबीवीपी छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद पांच छात्रों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Image

हिमाचल यूनिवर्सिटी में SFI-ABVP भिड़े (फोटो-Twitter)

शिमला स्थित हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) में शनिवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। घटना के बाद पुलिस ने पांच छात्रों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, विश्वविद्यालय के गेट के पास दोनों छात्र संगठनों के सदस्यों के बीच कथित तौर पर मारपीट हुई, जिससे कैंपस में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

पुलिस के अनुसार, दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना विश्वविद्यालय के गेट के पास हुई।

ABVP के कैंपस अध्यक्ष अक्षय ठाकुर ने आरोप लगाया कि नए छात्रों के स्वागत के लिए ABVP के सदस्य विश्वविद्यालय के गेट के पास मौजूद थे। इसी दौरान SFI के कुछ कार्यकर्ता वहां पहुंचे और ABVP सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी। ठाकुर ने आरोप लगाया कि कुछ SFI कार्यकर्ताओं ने हथियारों से भी हमला किया, जिसमें ABVP के करीब पांच कार्यकर्ता घायल हुए। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

क्यों हुआ विवाद

वहीं, SFI ने ABVP के आरोपों को खारिज करते हुए उल्टा ABVP कार्यकर्ताओं पर अपने सदस्यों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। SFI का दावा है कि शुक्रवार शाम ABVP के कुछ कार्यकर्ताओं ने उसके एक छात्र को रोका और उसके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया था। संगठन के मुताबिक, शनिवार को इसी विवाद के बाद ABVP कार्यकर्ताओं ने SFI सदस्यों पर हथियारों से हमला किया।

SFI ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और कैंपस में छात्रों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है। शिमला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पांच छात्रों को गिरफ्तार किया है और घटना की आगे जांच की जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article