Begusarai News: बिहार के बेगूसराय में अपराधियों ने एक बार फिर खुलेआम फायरिंग कर दहशत फैला दी। मामला बलिया थाना क्षेत्र के लखमीनिया वार्ड नंबर-21 का है, जहां बदमाशों ने वार्ड पार्षद के पति मोहम्मद इरसादूजमा और उनके सहयोगी मोहम्मद शाकिर को गोली मार दी। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें करीब पांच हमलावर दोनों पर गोलियां चलाते और हथियार लहराते हुए वहां से भागते नजर आ रहे हैं। सीसीटीवी तस्वीरों में देखा जा सकता है कि हमलावर किस तरह बेखौफ होकर फायरिंग करते हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो जाते हैं। गोली लगने के बाद इरसादूजमा और शाकिर को तत्काल बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि इरसादूजमा को दो गोलियां लगी हैं, जबकि उनके सहयोगी शाकिर को भी गोली लगी है।
विकास कार्यों को लेकर नाराजगी
परिजनों के अनुसार, इरसादूजमा की पत्नी वार्ड नंबर-21 की वार्ड पार्षद हैं और क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर सक्रिय रहती हैं। परिवार का आरोप है कि विकास कार्यों को लेकर कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग उनसे नाराज चल रहे थे। परिजनों का दावा है कि इरसादूजमा को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं। जानकारी के मुताबिक, बीती रात इरसादूजमा अपने सहयोगी शाकिर के साथ वार्ड की समस्याओं का जायजा लेने के बाद कार्यालय से घर लौट रहे थे। इसी दौरान करीब पांच बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच जारी
मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि पुलिस को घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज मिला है और उसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी बताए जा रहे मुन्ना को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद से लखमीनिया इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
