यूटिलिटी

Festive Shopping से पहले महिलाएं भूलकर भी न करें ये मनी-मिस्टेक, खाली हो जाएगी जेब

Festive Shopping Mistakes: भारत में त्योहारी सीजन की शुरुआत हो चुकी है। ऐसे में फेस्टिव शॉपिंग को लेकर घर की महिलाओं को पैसों को लेकर कुछ खास बातों का ध्यान जरूर रखना चाहिए।

Image

फेस्टिव शॉपिंग को लेकर भूलकर भी न करें ये गलतियां (Photo: iStock)

Festive Shopping Mistakes: भारत में गणेश चतुर्थी जैसे त्योहारों के साथ त्योहारी सीजन की शुरुआत हो चुकी है। त्योहारी सीजन में घर की खरीदारी भी बढ़ जाती है। कपड़े, गहने, घर का सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स से लेकर पूजा और गिफ्टिंग तक कई चीजों पर पैसा खर्च होने लगता है। ऐसे में बजट का ध्यान न रखा जाए तो त्योहार खत्म होते-होते जेब पर दबाव बढ़ सकता है। खासकर घर की खरीदारी संभालने वाली महिलाओं को फेस्टिव शॉपिंग के दौरान कुछ मनी-मिस्टेक से जरूर बचना चाहिए-

बिना बजट बनाए खरीदारी करना

त्योहारों के दौरान सबसे बड़ी गलती बिना बजट के खरीदारी करना हो सकती है। कुछ मौकों पर जरूरत से ज्यादा सामान खरीदने का मन बन जाता है। इसलिए शॉपिंग शुरू करने से पहले तय करें कि त्योहार के लिए कुल कितना पैसा खर्च करना है। कपड़े, गिफ्ट, घर की सजावट जैसे सामान के लिए अलग-अलग बजट रखना बेहतर रहेगा।

सिर्फ डिस्काउंट देखकर सामान खरीदना

50-70 % डिस्काउंट देखकर कई बार ऐसा सामान भी खरीद लिया जाता है जिसकी वास्तव में जरूरत नहीं होती। डिस्काउंट का मतलब हमेशा बचत नहीं होती। खरीदारी से पहले देखें कि सामान की वास्तविक कीमत क्या है और क्या वह आपके काम का है। केवल ऑफर के लालच में खरीदारी करने से बचें।

क्रेडिट कार्ड से जरूरत से ज्यादा खर्च करना

क्रेडिट कार्ड (Credit Card) फेस्टिव शॉपिंग को आसान बना सकता है, लेकिन भुगतान की क्षमता से ज्यादा खर्च करना आगे चलकर परेशानी बढ़ा सकता है। अगर पूरा बिल समय पर नहीं चुकाया गया तो ब्याज और अन्य शुल्क लग सकते हैं। इसलिए कार्ड से उतना ही खर्च करें जितना तय बजट के अंदर हो और बिल का भुगतान समय पर करें।

कीमत की तुलना न करना

एक ही प्रोडक्ट की कीमत अलग-अलग दुकानों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अलग हो सकती है। जल्दबाजी में पहली जगह से खरीदारी करने के बजाय कम से कम दो-तीन जगह कीमत, ऑफर, वारंटी और रिटर्न पॉलिसी की तुलना करें। इससे बेहतर डील मिलने की संभावना रहती है और अनावश्यक खर्च भी कम हो सकता है।

त्योहार के बाद के खर्चों को भूल जाना

फेस्टिव शॉपिंग का बजट बनाते समय सिर्फ खरीदारी का खर्च न देखें। त्योहार के दौरान यात्रा, मेहमानों की मेजबानी, बाहर खाना, पूजा और अन्य छोटे-बड़े खर्च भी हो सकते हैं। अगर पूरा पैसा शॉपिंग में खर्च कर दिया तो बाद में इन जरूरी खर्चों के लिए बजट कम पड़ सकता है। इसलिए कुछ रकम इन खर्चों के लिए पहले से अलग रखें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article