क्या Aadhaar से ट्रैक हो रही है आपकी लोकेशन? जानिए प्राइवेसी को लेकर क्या कहता है UIDAI
- Authored by: शिवानी कोटनाला
- Updated Feb 6, 2026, 02:51 PM IST
क्या आप एक आधार कार्ड होल्डर हैं और आपके जेहन में यही सवाल आता है कि UIDAI (Unique Identification Authority of India) के पास आपकी सभी जानकारियां मौजूद हैं। क्या आपको भी लगता है कि UIDAI के डेटाबेस में आपके बैंक डिटेल्स, शेयर, म्यूचुअल फंड, प्रॉपर्टी और वित्तीय जानकारी भी मौजूद हैं। अगर हां, तो आपको अपनी गलतफहमी दूर कर लेनी चाहिए।
क्या आधार कार्ड से लीक हो रही आपकी निजी जानकारियां (Photo: uidai)
आधार कार्ड भारतीय नागरिकों की पहचान को सत्यापित करने वाला एक जरूरी सरकारी डॉक्यूमेंट है। हालांकि, Aadhaar या आधार की सिक्योरिटी और प्राइवेसी को लेकर अक्सर कई अफवाहें फैलती रहती हैं। कुछ लोग मानते हैं कि UIDAI (Unique Identification Authority of India) के पास आधार कार्ड होल्डर की सभी निजी जानकारियां होती हैं, जैसे कि बैंक अकाउंट, PAN, शेयर, हेल्थ रिकॉर्ड। वहीं, कुछ तो यह भी मानते हैं कि आधार कार्ड होल्डर की हर एक्टिविटी को ट्रैक किया जा रहा है। अगर आपको भी ऐसा लगता है तो आप गलत हैं। यूआईडीएआई इन सभी बातों को केवल एक मिथ मानता है।
UIDAI के पास आपकी कौन-सी जानकारियां
यूआईडीएआई की ऑफिशियल वेबसाइट पर दी गई जानकारी में कहा गया है कि UIDAI के पास एक आधार कार्ड होल्डर की केवल वे ही जानकारियां मौजूद होती हैं, जो खुद व्यक्ति अपने आधार नामांकन या अपडेट के समय देते हैं। इसमें आधार कार्ड होल्डर का नाम, पता, लिंग, जन्मतिथि, दस अंगुलियों के फिंगरप्रिंट, दो आइरिस स्कैन, फेसियल फोटो, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी शामिल हैं। इसके अलावा UIDAI के डेटाबेस में आपकी बैंक डिटेल्स, शेयर, म्यूचुअल फंड, प्रॉपर्टी या वित्तीय जानकारी, हेल्थ रिकॉर्ड, परिवार, जाति, धर्म, शिक्षा आदि की कोई जानकारी नहीं होती।
आपकी एक्टिविटी नहीं होती हैं ट्रैक
Section 32(3) of the Aadhaar Act, 2016 के तहत UIDAI को यह भी स्पष्ट रूप से मना है कि वह किसी भी ऑथेंटिकेशन के उद्देश्य को लेकर जानकारी इकट्ठा करे, नियंत्रित या संग्रहित करे। UIDAI न तो स्वयं ऐसा कर सकता है और न किसी अन्य संस्था के माध्यम से। इसका मतलब यह है कि आपका आधार केवल यह पहचानता है कि यह व्यक्ति वही है जो पहचान का दावा कर रहा है। यानी यूआईडीएआई आपकी आदतों या एक्टिविटी को ट्रैक नहीं करता है।
आधार अपडेट से डरने की नहीं जरूरत
इस तथ्य को समझना जरूरी है, क्योंकि अक्सर सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म पर आधार को लेकर अफवाहें फैलती रहती हैं। इन गलतफहमियों के कारण लोग आधार अपडेट या लिंक करने से डरते हैं। असल में, आधार का उद्देश्य सुरक्षित और विश्वसनीय पहचान प्रदान करना है, ताकि सरकारी और निजी सेवाओं तक व्यक्तियों की सुविधाजनक पहुंच बनी रहे।
