शहर

'अनंत सिंह की बहुत बड़ी फैन हूं', समधन आशा सिंह ने कही दिल छू लेने वाली बात, कैसे करेंगी बहू शिवांगी का स्वागत?

बिहार के विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को ऋषिकेश कुमार उर्फ अनिकेत से होने जा रही है। इस बीच होने वाली समधन आशा सिंह ने कहा कि 'वह अनंत सिंह की बहुत बड़ी फैन हैं' और शिवांगी के उनके घर आने से बेहद खुश हैं।

पटना : मोकामा से बाहुबली विधायक अनंत सिंह के घर इन दिनों शादी की तैयारियां चल रही हैं। उनकी बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर परिवार और रिश्तेदारों में खासा उत्साह है। उन्होंने बेटी की शादी को खास बनाने के लिए कई आयोजन किए हैं, जिसको लेकर मीडिया में चर्चा है। इस बीच शादी से पहले होने वाली समधन आशा सिंह का बयान चर्चा में आ गया है। उन्होंने समधी अनंत सिंह को लेकर दिलचस्प बात कही है। आशा सिंह ने कहा, 'मैं अनंत सिंह की बहुत बड़ी फैन हूं। इतनी प्यारी बच्ची हमारे घर आ रही है, इससे बड़ी खुशी क्या होगी।'

आशा सिंह के इस बयान से साफ है कि वह होने वाली बहू शिवांगी को लेकर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि शिवांगी उनके घर बहू बनकर नहीं, बल्कि बेटी बनकर आएगी। उसे परिवार में बेटी की तरह ही प्यार और सम्मान दिया जाएगा।

पहली बार समधन के रूप में होगी अनंत सिंह से मुलाकात

आशा सिंह ने बताया कि शादी से पहले उनकी कभी अनंत सिंह से मुलाकात नहीं हुई है। अब उन्हें तिलक समारोह में उनसे समधन के रूप में मिलने का बेसब्री से इंतजार है। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि परिवार में इतनी प्यारी बच्ची का आना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। उनका यह बयान इसलिए भी खास है, क्योंकि शादी से पहले ही दोनों परिवारों के बीच रिश्ते को लेकर अपनापन और उत्साह देखने को मिल रहा है।

कौन हैं होने वाले दूल्हे राजा?

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने जा रही है। उनकी शादी बिहटा निवासी ऋषिकेश कुमार उर्फ अनिकेत से तय हुई है। ऋषिकेश कुमार के पिता रणविजय कुमार सिंह सीआरपीएफ में कमांडेंट हैं।

शादी से पहले पटना के एक निजी होटल में भव्य तिलक समारोह आयोजित करने की तैयारी है। रणविजय कुमार सिंह के मुताबिक, इस समारोह में कई चर्चित चेहरे शामिल होंगे।

समधन के बयान ने खींचा ध्यान

शादी की चर्चा के बीच आशा सिंह का अनंत सिंह के प्रति प्रशंसक वाला अंदाज और शिवांगी को बेटी की तरह रखने का भरोसा लोगों का ध्यान खींच रहा है। एक तरफ जहां परिवार में शादी की तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं दूसरी तरफ होने वाली समधन के बयान ने इस रिश्ते में भावनात्मक जुड़ाव की झलक भी दिखा दी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article