Aadhaar Card DOB Update 2026: आधार कार्ड (Aadhaar Card) आज के समय में भारत में रहने के साथ सबसे महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेज बन गया है। बैंकिंग, सरकारी योजनाओं, मोबाइल सिम से लेकर कई जरूरी सेवाओं के लिए इसका इस्तेमाल होता है। ऐसे में अगर आपके आधार कार्ड में जन्मतिथि (Date of Birth) गलत दर्ज हो गई है, तो इसे जल्द से जल्द अपडेट करवाना जरूरी है। डीओबी अपडेट के लिए आपको किन डॉक्यूमेंट की जरूरत होगी और कितने रुपये फीस लगेगी सभी जानकारियां इस आर्टिकल में देने जा रहे हैं-
DOB अपडेट के लिए कौन-से डॉक्यूमेंट्स चाहिए
UIDAI के अनुसार, जन्मतिथि अपडेट करवाने के लिए आपको कुछ प्रमाणित दस्तावेज जमा करने होते हैं। इनमें सबसे सामान्य दस्तावेज जन्म प्रमाण पत्र (Birth Certificate) ही होता है, जिसे सबसे विश्वसनीय माना जाता है। लेकिन सवाल ये कि अगर किसी व्यक्ति को अपना डीओबी अपडेट भी करवाना हो और उसके पास बर्थ सर्टिफिकेट न हो तो क्या होगा। ऐसी स्थिति में अगर आपके पास वैलिड भारतीय पासपोर्ट (Indian Passport) है, तो वह भी जन्मतिथि के प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाता है। हालांकि, कई बार आधार कार्ड धारक के पास ये दोनों डॉक्यूमेंट भी नहीं होते है। ऐसे में UIDAI की ओर से कुछ और डॉक्यूमेंट्स को भी डीओबी के प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाता है।
आधार कार्ड में डीओबी अपडेट करने के लिए आप सर्विस फोटो आइडेंटिटी कार्ड (Service Photo Identity Card) और पेंशनर फोटो आइडेंटिटी कार्ड (Pensioner Photo Identity Card) का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। ये दस्तावेज खासतौर पर सरकारी या संगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए उपयोगी होते हैं।
वहीं, अगर आपके पास किसी मान्यता प्राप्त शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी मार्कशीट या सर्टिफिकेट है तो इसका भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें आपकी जन्मतिथि स्पष्ट रूप से दर्ज होती है, इसलिए इसे भी वैध प्रमाण माना जाता है।
UIDAI की ओर से उन डॉक्यूमेंट्स की लिस्ट भी जारी की जाती है, जिसमें अन्य मान्य दस्तावेजों की जानकारी दी जाती है। इसलिए आधार अपडेट करवाने से पहले इस सूची को देख लेना फायदेमंद रहता है, ताकि आपको किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
एक ही बार कर सकते हैं DOB अपडेट
जन्मतिथि अपडेट कराने के लिए आप नजदीकी आधार सेवा केंद्र पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। वहां आपको फॉर्म भरना होता है और आवश्यक दस्तावेज जमा करने होते हैं। प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपका डेटा वेरिफाई किया जाता है और सही पाए जाने पर अपडेट कर दिया जाता है। ध्यान रखें कि आधार में जन्मतिथि अपडेट एक बार ही किया जा सकता है, इसलिए सही और प्रमाणित जानकारी देना बहुत जरूरी है। गलत जानकारी देने पर आपका आवेदन अस्वीकार भी हो सकता है।
DOB अपडेट की कितनी लगेगी फीस
फीस की बात करें तो डीओबी को अपडेट करवाना आधार कार्ड की डेमोग्राफिक डिटेल्स का हिस्सा होता है, जिसके लिए UIDAI की ओर से 75 रुपये फी ली जाती है। आधार में डेट ऑफ बर्थ अपडेट होने में 30-90 दिन का समय लग सकता है।
