रणथंभौर : सड़क पर रुककर लेने लगे बंगाल टाइगर की तस्‍वीर, तभी हुआ कुछ ऐसा कि निकल गई चीख [Video]

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 24, 2021, 06:51 PM IST

Viral Video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पर्यटक सफारी से जा रहे कुछ लोगों को बंगाल टाइगर की तस्‍वीर उतारते देखा जा रहा है, लेकिन फिर अचानक उनकी चीख निकल गई।

रणथंभौर : सड़क पर रुककर लेने लगे बंगाल टाइगर की तस्‍वीर, तभी हुआ कुछ ऐसा कि निकल गई चीख [Video]
Photo Credit: Twitter

जयपुर : प्रकृति का सानिध्‍य भला किसे अच्‍छा नहीं लगता। प्रकृति की उसी स्‍वाभाविक बनावट को देखने हम जंगलों की सैर पर भी निकलते हैं। लेकिन इस क्रम में कई बार इंसान वहां रह रहे जीव-जंतुओं की सुविधा-असुविधा का बिल्‍कुल भी ख्याल नहीं करते, जिसके कई बार चिंताजनक परिणाम भी सामने आते हैं। सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें जंगल की सैर के लिए न‍िकले लोग उस वक्‍त बाल-बाल बच गए, जब बाघ अचानक उनके बेहद करीब पहुंच गया।

यह वाकया राजस्‍थान के रणथंभौर नेशनल पार्क का बताया जा रहा है, जहां एक पर्यटक सफारी कार में बैठे लोगों को रास्‍ते में झाड़‍ियों के पीछे जब बाघ की एक झलक मिली तो वे उसकी तस्‍वीर लेने के लिए गाड़ी से बाहर निकल गए। हालांकि चंद सेकेंड में हुआ कुछ ऐसा कि उनकी चीख निकल गई और फिर वे एक-दूसरे को 'चुप रहो, चुप रहो' कर सांत्वना देते नजर आए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

...और अचानक आ गया बंगाल टाइगर

यह वीडियो भारतीय वन विभाग के अधिकारी सुशांत नंदा ने अपने ट्विटर हैंडल से शेयर किया, जिसमें देखा जा सकता है कि किस प्रकार टूअरिस्‍ट सफारी कार में बैठे लोग झाड़‍ियों के पीछे छिपे बाघ की तस्‍वीर लेने के लिए बाहर निकल गए। इस बीच कुछ आवाजें भी आती हैं, जिसमें लोगों को बताते सुना जा रहा है कि टाइगर वहां छिपा बैठा है। 'वहां है वहां' की आवाजों के बीच उस वक्‍त अचानक सबकी सिट्टी-पिट्टी गुम हो जाती है, जब बाघ छलांग लगाकर सड़क के किनारे बनी रेलिंग पर आ जाता है।

बाघ को देखते ही पर्यटकों की चीख निकल जाती है, जिसके बाद बाद वे एक-दूसरे को 'चुप रहो, चुप रहो', कहते भी सुने जा रहे हैं। बंगाल टाइगर उन्‍हें घूरता है। हालांकि वह उन्‍हें किसी तरह का नुकसान पहुंचाए बगैर ही वहां से निकल गया, जिसके बाद उन्‍होंने राहत की सांस ली। यह घटना गुरुवार सुबह 9:30 बजे की बताई जा रही है, जब पर्यटक सफारी कार में सवार होकर गणेश मंदिर से लौट रहे थे। 

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने पर्यटकों के रवैये को लेकर सवाल उठाए हैं। खुद वन अधिकारी सुशांत नंदा ने अपने ट्वीट में लिखा है, 'जब इंसान का दिमाग काम करना बंद कर देता है और मुंह बस बोलता रहता है।' उन्‍होंने अपने गुस्‍से को काबू में रखने के लिए बाघ की तारीफ की और चेतावनी भरे लहजे में यह भी लिखा कि भविष्‍य में भी इसकी गारंटी नहीं दी जा सकती। कई इंटरनेट यूजर्स ने देशभर के उद्यानों में जंगल सफारी सुविधा बंद करने की मांग पर सोशल मीडिया पर की।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!