Australia Tourism: ऑस्ट्रेलिया दुनिया भर के यात्रियों के लिए सबसे लोकप्रिय टूरिस्ट डेस्टिनेशन में से एक है। ऐसा लग रहा है कि ऑस्ट्रेलिया टूरिज्म की लोकप्रियता खासकर भारतीय यात्रियों के बीच काफी ज्यादा बढ़ गई है। मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के अनुसार, मई 2025 तक ऑस्ट्रेलिया ने 4.53 लाख भारतीय पर्यटकों का स्वागत किया जो अपने आप में बड़ी बात है। ऑस्ट्रेलिया में घूमने-फिरने का खर्चा आपको बजट पर अच्छा खासा असर डालता है बावजूद इसके लाखों की संख्या में भारतीय टूरिस्ट इस देश की यात्रा कर रहे हैं जो टूरिज्म के लिहाज से काफी अहम है।
पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 10% की वृद्धि के साथ भारत ऑस्ट्रेलिया के लिए पांचवां सबसे बड़ा पर्यटन बाजार भी बन गया है। खबरों की मानें तो भारतीय भी बड़ी रकम खर्च कर रहे हैं और ऑस्ट्रेलिया में लंबे समय तक रह रहे हैं। रिपोर्ट में इस बात के बारे में भी बताया गया कि भारतीय पर्यटकों ने इस अवधि के दौरान लगभग 2.7 बिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर खर्च किए, जो 2024 की तुलना में 14% अधिक है।
भारतीयों द्वारा वहां ठहरने की संख्या लगभग 29 मिलियन तक पहुंच गई जो पिछले वर्ष की तुलना में 21% अधिक है। भारतीय यात्रियों की ऑस्ट्रेलिया में रुचि बढ़ने के पीछे क्रिकेट और रग्बी जैसे खेलों और कुछ संगीत कार्यक्रमों का अहम योगदान रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, पिछले साल 6,000 से ज्यादा भारतीयों ने ऑस्ट्रेलिया में लाइव टेस्ट मैच देखने के लिए यात्रा की थी। इसके अलावा भारत से लोग संगीत कार्यक्रम देखने के लिए भी वहां जा रहे हैं।
