Stock Market Today Nifty Sensex : शेयर बाजार में शुक्रवार को कारोबार की शुरुआत से ही बिकवाली हावी है। भले ही बेंचमार्क इंडेक्स मामलू बढ़त के साथ हरे निशान में हैं। लेकिन, ओवरऑल मार्केट का ट्रेंड कमजोर बना हुआ है। खासतौर पर मिड और स्मॉलकैप शेयरों में बिकवाली का गहरा दबाव है। हालांकि, IT और फार्मा स्टॉक्स में खरीदारी के ट्रेंड की वजह से निफ्टी-सेंसेक्स बढ़त में हैंं।
Sensex जहां 74,422.42 के हाई और 74,099.33 के लो बीच ट्रेड कर रहा है। वहीं, निफ्टी 23,019.25 के हाई और 22,919.85 के लो के बीच बना हुआ है। बाजार की इस उठापटक के पीछे कमजोर ग्लोबल संकेत, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और बढ़ती अस्थिरता जैसे तीन बड़े फैक्टर नजर आ रहे हैं।
मार्केट ब्रेड्थ कमजोर
शुरुआती कारोबार में बाजार की तस्वीर को समझने के लिए Market Breadth पर नजर डालना जरूरी है। NSE पर 3,076 शेयरों में कारोबार हो रहा था। इनमें 934 शेयर बढ़त में और 2,053 शेयर गिरावट में हैं। BSE पर भी यही स्थिति रही। यहां 3,541 शेयरों में कारोबार के दौरान 1,234 शेयरों में तेजी और 2,097 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। यानी प्रमुख इंडेक्स में मामूली तेजी के बावजूद व्यापक बाजार में बिकवाली हावी रही।
112 डॉलर के पार क्रूड
कच्चे तेल की कीमतों में फिर तेजी देखने को मिली है। यह भारतीय शेयर बाजार के लिए चिंता का सबसे बड़ा विषय है। शुक्रवार सुबह Brent Crude करीब 1.20% की तेजी के साथ 112.13 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया था। वहीं अमेरिकी Crude Oil करीब 1.12% बढ़कर 103.15 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
एशियाई बाजारों में भारी बिकवाली
भारतीय बाजार पर दबाव की एक और वजह ग्लोबल प्रेशर है। शुक्रवार को एशियाई बाजारों में तेज गिरावट देखने को मिली। जापान का Nikkei 225 करीब 2.58% टूट गया, जबकि दक्षिण कोरिया का KOSPI 3.87% नीचे कारोबार कर रहा था। इसके अलावा ताइवान के बाजार में 2.53% और इंडोनेशिया के Jakarta Composite में 1.61% की गिरावट थी। इससे पहले अमेरिकी बाजार में भी Nasdaq करीब 1.42% टूटकर बंद हुआ था।
बढ़ी बाजार की बेचैनी
बाजार में बढ़ती अनिश्चितता का संकेत India VIX से भी मिल रहा है। शुक्रवार सुबह India VIX करीब 3.24% उछलकर 15.61 पर पहुंच गया था।
India VIX को बाजार का डर मापने वाला इंडेक्स भी कहा जाता है। इसमें तेजी का मतलब है कि निवेशक आने वाले समय में बाजार में ज्यादा उतार-चढ़ाव की आशंका देख रहे हैं। ऐसे माहौल में खासतौर पर मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है।
IT और फार्मा शेयरों ने संभाला मोर्चा
बिकवाली के बीच IT और फार्मा शेयर बाजार को कुछ सहारा देते दिखे। Nifty IT करीब 1.37% और Nifty Pharma 0.96% ऊपर था। Healthcare Index में भी 0.82% की तेजी थी। इसके उलट Consumer Durables इंडेक्स 1.78% गिर गया। Nifty Bank में 0.27%, Nifty Metal में 0.67% और Nifty Auto में 0.32% की गिरावट थी।
TIMESNOW नवभारत पर यह भी पढ़ें : 2026 में 1991 जैसे हालात, टर्निंग पॉइंट पर भारत की इकोनॉमी?
