बिजनेस

Rangoli बनाने का हुनर बनेगा कमाई का जरिया, Festive Season में ऐसे शुरू करें अपना बिजनेस

Rangoli Business Idea: बहुत से लोगों को रंगोली के शानदार और आकर्षक डिजाइन बनाने आते हैं। अगर आप भी रंगोली बनाने की कला रखते हैं तो अपने हुनर को इस फेस्टिव सीजन कमाई का जरिया बना सकते हैं।

Image

घर-घर रंगोली बनाकर आप भी कर सकते हैं कमाई (AI Generated Image)

Rangoli Business Idea: भारत में त्योहारों के दौरान घरों के बाहर रंगोली बनाने की परंपरा वर्षों पुरानी है। दिवाली, धनतेरस और अन्य शुभ अवसरों पर लोग अपने घरों के मुख्य दरवाजे और आंगन को खूबसूरत रंगोली से सजाते हैं। ऐसे में जिन लोगों को आकर्षक और शानदार रंगोली डिजाइन बनाने आते हैं, उनके लिए यह हुनर (Rangoli Making) कमाई का अच्छा जरिया बन सकता है। आप फेस्टिव सीजन में रंगोली बनाने की सर्विस शुरू कर कमाई कर सकते हैं-

कैसे शुरू करें रंगोली बनाने की सर्विस?

इस काम को शुरू करने के लिए किसी बड़ी दुकान या ऑफिस की जरूरत नहीं है। आप अपने घर से ही इसकी शुरुआत कर सकते हैं। सबसे पहले अलग-अलग तरह के रंगोली डिजाइन बनाने का प्रैक्टिस करें। इसमें फूलों वाली रंगोली, ट्रेडिशनल डिजाइन, मोर, गणेश जी, दीपक और 3D रंगोली जैसे विकल्प शामिल कर सकते हैं।

इसके बाद अपने बनाए हुए डिजाइनों की फोटो खींचकर उनका एक पोर्टफोलियो तैयार करें। इसे WhatsApp, Instagram और Facebook पर शेयर करें। अपने आसपास की सोसाइटी, अपार्टमेंट, दुकानों और लोकल मार्केट में भी अपनी सर्विस के बारे में जानकारी दें। शुरुआत में परिचितों और पड़ोसियों को कम कीमत पर सर्विस देकर ग्राहक बना सकते हैं।

कितना करना होगा निवेश?

इस बिजनेस की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे कम बजट में शुरू किया जा सकता है। शुरुआत में रंगोली के रंग, फूल, डिजाइन बनाने के लिए स्टेंसिल, चॉक, ब्रश और अन्य जरूरी सामान खरीदना होगा। इसके लिए लगभग 2,000 से 5,000 रुपये का शुरुआती बजट रखा जा सकता है। हालांकि, डिजाइन और इस्तेमाल होने वाली सामग्री के अनुसार खर्च बदल सकता है।

कितनी हो सकती है कमाई?

रंगोली बनाने की सर्विस के लिए आप डिजाइन, आकार, जगह और मेहनत के आधार पर कीमत तय कर सकते हैं। उदाहरण के लिए छोटी रंगोली बनाने के 200 से 500 रुपये, मिड साइज की रंगोली के 500 से 1,500 रुपये और बड़े या कस्टमाइज्ड डिजाइन के 1,500 से 3000 रुपये या उससे अधिक चार्ज कर सकते हैं। ये अनुमानित दरें हैं, वास्तविक कीमत स्थानीय मांग और डिजाइन पर निर्भर करेगा।

अगर फेस्टिव सीजन में रोजाना 2 से 3 ऑर्डर मिलते हैं तो अच्छी कमाई हो सकती है। इसके अलावा, सोसाइटी के कॉमन एरिया, ऑफिस, होटल और दुकानों से भी बड़े ऑर्डर मिल सकते हैं।

इन बातों का रखें ध्यान

शुरुआत में अपनी सर्विस की कीमत बहुत अधिक न रखें। ग्राहकों से डिजाइन, जगह और समय पहले ही तय कर लें। बड़े ऑर्डर के लिए एडवांस पेमेंट लें। साथ ही, फूलों और प्राकृतिक रंगों से इको-फ्रेंडली रंगोली बनाने का विकल्प भी दें। इससे आप ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच सकते हैं और अपने छोटे बिजनेस को फेस्टिव सीजन के बाद भी जारी रख सकते हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article