Thailand Tourism: मौजूदा समय में थाईलैंड टूरिज्म अपने चरम पर है। भारतीय टूरिस्ट हर साल लाखों की संख्या में इस देश की यात्रा कर रहे हैं। पटाया की रौनक हो या फिर फुकेट के समुद्र तट तक थाईलैंड का हर कोना भारतीय सैलानियों से गुलजार है। हर वर्ग और हर उम्र के लोग या तो थाईलैंड घूमकर आ चुके हैं या फिर वहां जाने का प्लान कर रहे हैं। फैमिली ट्रिप से लेकर सोलो ट्रिप तक की डिमांड काफी ज्यादा है। सोशल मीडिया खासतौर से इंस्टाग्राम के माध्यम से तो आपको अपने ही किसी जानकार के थाईलैंड ट्रिप की जानकारी मिल ही गई होगी। आइए जानने की कोशिश करते हैं कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि अचानक से भारतीयों की दिलचस्पी थाईलैंड को लेकर इतनी तेजी से बढ़ गई।
इंटरनेशनल ट्रिप की चाह और बढ़ता मध्यम वर्ग
पहले विदेश जाना और सिर्फ घूमने के लिए ही जाना सिर्फ अमीरों या बिजनेस क्लास का सपना समझा जाता था। लेकिन, अब विदेश यात्रा सिर्फ अमीरों तक सीमित नहीं है। बढ़ता मध्यम वर्ग और अंतरराष्ट्रीय यात्रा की चाह में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिली है। इसके अलावा भारत में मध्यम वर्ग की आय और खर्च करने की क्षमता पिछले कुछ सालों में काफी बढ़ी भी है।

Thailand tourism (photo-canva)
वीजा फ्री नीति का प्रभाव
वीजा फ्री नीति के प्रभाव को भी इसके प्रमुख कारण के रूप में देखा जा सकता है। थाईलैंड भारतीय नागरिकों को 30 दिनों तक (पहले 60 दिन था) के लिए वीजा फ्री एंट्री प्रदान करता है। थाईलैंड सरकार ने 2023 के अंत में भारतीय पर्यटकों के लिए वीजा फ्री एंट्री की घोषणा की थी जिसके बाद पर्यटकों की संख्या साल 2023 के 2 मिलियन के मुकाबले बढ़कर 2024 में 2.1 मिलियन हो गई।

Thailand tourism (photo-canva)
सस्ते ट्रैवल पैकेज और आसान फाइनेंस
लोगों की सोच में अब काफी बदलाव हुआ है। अब ज्यादातर युवा और मध्यम वर्ग सोचते हैं कि अगर EMI पर कार लिया जा सकता है तो विदेश घूमने क्यों नहीं जा सकते। सस्ते और EMI पर ट्रिप पैकेज से लेकर बजट फ्रेंडली टूर ऑपरेटर्स तक सबने लोगों में यह भरोसा दिया है कि 'अब हम भी विदेश घूम सकते हैं'। इसके अलावा क्रेडिट कार्ड्स, नो-कॉस्ट EMI और ग्रुप डिस्काउंट्स जैसी सुविधाएं भी आम परिवारों को इंटरनेशनल ट्रिप का हिस्सा बनने का मौका दे रही हैं।

Thailand tourism (photo-canva)
बजट में हो जाती है इंटरनेशनल ट्रिप
अगर आप 4 से 5 दिन की बजट ट्रिप थाईलैंड की प्लान करते हैं तो इस बात की काफी ज्यादा संभावना है कि 50 हजार से कम खर्चे पर आप आसानी से ट्रिप कर आएं। सस्ते फ्लाइट ऑप्शंस से लेकर कम खर्च में ठहराव और सस्ते खाने-पीने के विकल्प थाईलैंड हर लिहाज से सस्ती और किफायती ट्रैवल डेस्टिनेशन है।

Thailand tourism (photo-canva)
कुछ अन्य प्रमुख कारण
'विदेश ट्रिप का अनुभव ज्यादा दूर नहीं' भारत से थाईलैंड पहुंचने में ज्यादा टाइम (लगभग 4-5 घंटे) भी नहीं लगता है ऐसे में भारतीय पर्यटक लंबी यात्रा के थकाव से बचने के लिए भी इस देश की यात्रा करते हैं। भारत के कई प्रमुख शहरों से थाईलैंड के लिए डायरेक्ट फ्लाइट उपलब्ध हैं। इसके अलावा भारतीय पर्यटकों को थाईलैंड की सांस्कृतिक समानता भी सहज महसूस कराती है। थाईलैंड के हस्तशिल्प, कपड़े और अन्य उत्पाद भारतीयों को खासा आकर्षित करते हैं।

Thailand tourism (photo-canva)
थाईलैंड का प्रमुख आकर्षण
मंदिरों के दर्शन, खूबसूरत समुद्र तट पर चिलआउट, बैंकॉक में नाइटलाइफ, सफारी और वाइल्डलाइफ स्पॉट्स थाईलैंड की पहचान हैं। अगर आप पहली बार थाईलैंड घूमने का प्लान कर रहे हैं तो इन जगहों को अपनी ट्रैवल बकेट लिस्ट में शामिल कर सकते हैं।
वाट अरुण
बैंकॉक में चाओ फ्राया नदी के किनारे स्थित वाट अरुण को सूर्योदय का मंदिर कहा जाता है। इसकी प्राचीन झींगुर जैसी संरचना इसे अनूठा और बेहद खूबसूरत बनाती है। शाम को यहां का नजारा अत्यंत मनोहारी होता है।
वाट फो
लेइंग बुद्ध मूर्ति (सोया हुआ बुद्धा) के लिए यह मंदिर फेमस है। थाई मसाज की परंपरा यहीं से शुरू हुई थी। बैंकॉक में स्थित ये मंदिर थाईलैंड का सबसे बड़ा और सबसे पुराना मंदिर है।
वाट फ्रा केव
बैंकॉक में बैकसाकेट पैलेस में स्थित वाट फ्रा केव थाईलैंड का सबसे पवित्र और प्रतिष्ठित मंदिर है। एमराल्ड बुद्ध (ध्यानमग्न गौतम बुद्ध) की प्रतिमा यहां रखी हुई है, जो हरे पत्थर से बनी है, सोने से मढ़ी हुई है और लगभग 66 सेंटीमीटर ऊंची है।
फिफी आइलैंड
साफ नीला पानी और सफेद रेतीले समुद्र तट इसकी पहचान है। स्नॉर्कलिंग, स्कूबा डाइविंग और बोटिंग के लिए अगर आप किसी बीच डेस्टिनेश की तलाश में हैं तो फिफी आइलैंड आपके लिए परफेक्ट हो सकती है।
पटोंग बीच
फुकेत का सबसे फेमस पटोंग बीच एडवेंचर स्पोर्ट्स की चाह रखने वाले पर्यटकों के लिए स्वर्ग से कम नहीं है। पैरासेलिंग, जेट स्की के अलावा शानदार नाइटलाइफ एन्जॉय करने आप यहां जा सकते हैं।
खाओ सान रोड
बजट ट्रैवलर्स और बैकपैकर के लिए खाओ सान रोड जन्नत से कम नहीं है। वीकेंड पर यहां की नाइटलाइफ को एन्जॉय करने के लिए दूर-दूर से लोग आते हैं। लाइव म्यूजिक से लेकर सस्ते बार तक भीड़-भाड़ वाले माहौल में आपको यहां सबकुछ मिल जाएगा।
पटपोंग नाइट मार्केट
नाइट क्लब्स के साथ ही ये मार्केट थाई शो के लिए फेमस है। थाईलैंड की वाइल्ड नाइटलाइफ को एन्जॉय करने के लिए आप पटपोंग नाइट मार्केट का रुख कर सकते हैं।
काओ याई नेशनल पार्क
बैंकॉक से लगभग 3 घंटे की दूरी पर थाईलैंड का पहला और सबसे बड़ा नेशनल पार्क काओ याई स्थित है। जंगल ट्रेकिंग के अलावा वॉटरफॉल्स और टेंट में रहने का अनुभव आप यहां ले सकते हैं।
डोई इनथानन नेशनल पार्क
पक्षियों की दुर्लभ प्रजातियों और झरनों के दीदार करने के लिए आप डोई इनथानन नेशनल पार्क जा सकते हैं। चियांग माई में स्थित यह नेशनल पार्क फोटोग्राफी के शौकीन पर्यटकों के लिए जन्नत से कम नहीं है।
