यात्रा

11 दिनों में 7 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन, जानिए Sapta Jyotirlinga Mahayatra का पूरा प्लान

Sapta Jyotirlinga Mahayatra: शिव भक्ति के लिए ये सबसे खास सफर रहने वाला है जिसमें 7 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का सुनहरा मौका मिल रहा है। 11 दिन का ये टूर रहने वाला है।

Image

11 दिनों में 7 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन (फोटो: AI)

Sapta Jyotirlinga Mahayatra: एक ही यात्रा में भगवान शिव के सात ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने का सुनहरा मौका है। आईआरसीटसी ने Sapta Jyotirlinga Mahayatra नाम से 11 दिन का शानदार और किफायती टूर पैकेज लॉन्च कर दिया है। इस यात्रा में उज्जैन के महाकालेश्वर से लेकर ओंकारेश्वर, सोमनाथ, नागेश्वर, भीमाशंकर, घृष्णेश्वर और त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। 25 सितंबर से शुरू होने वाली यह 11 दिनों की यात्रा दिल्ली से शुरू होकर फिर दिल्ली में ही खत्म होगी। इस दौरान ट्रेन से सफर के साथ कई प्रसिद्ध धार्मिक और ऐतिहासिक जगहों को भी देखने का मौका मिलेगा।

दिल्ली से उज्जैन के लिए रवाना

25 सितंबर को यात्रियों को शाम 5:15 बजे दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन पहुंचना होगा। ट्रेन शाम 6 बजे उज्जैन के लिए रवाना होगी। रात का खाना ट्रेन में मिलेगा और रातभर ट्रेन में ही सफर होगा। दूसरे दिन 26 सितंबर को सुबह चाय-नाश्ते के बाद ट्रेन करीब 11 बजे उज्जैन पहुंचेगी। होटल में चेक-इन और लंच के बाद महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन होंगे। इसके बाद महाकाल लोक कॉरिडोर की भव्य मूर्तियां और भित्तिचित्र देखने का मौका मिलेगा। शाम को रामघाट पर क्षिप्रा नदी के किनारे बैठकर भव्य आरती का आनंद लिया जाएगा।

तीसरे और चौथे दिन का प्लान

तीसरे दिन 27 सितंबर को सुबह 3:30 बजे इच्छुक यात्री अपने खर्चे पर भस्म आरती में शामिल हो सकते हैं। नाश्ते के बाद ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के लिए रवाना होंगे। दर्शन के बाद महू रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर द्वारका के लिए रवाना होंगे। चौथे दिन 28 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे द्वारका पहुंचेंगे। शाम को समय मिलने पर द्वारकाधीश मंदिर के दर्शन किए जा सकते हैं। अगले दिन सुबह फिर द्वारकाधीश मंदिर जाएंगे। इसके बाद रुक्मिणी देवी मंदिर, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग और बेट द्वारका के दर्शन होंगे। रात में ट्रेन से सोमनाथ के लिए रवाना होंगे।

मजेदार रहेगी आपकी यात्रा

30 सितंबर को सुबह वेरावल पहुंचने के बाद सोमनाथ मंदिर और सोमनाथ बीच जाएंगे। लंच के बाद भालका तीर्थ के दर्शन होंगे। शाम को ट्रेन से पुणे के लिए रवाना होंगे। इसके बाद 1 अक्टूबर को दोपहर पुणे पहुंचकर होटल में ठहरेंगे। अगले दिन भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए रवाना होंगे। दर्शन के बाद वापस रेलवे स्टेशन पहुंचकर छत्रपति संभाजीनगर के लिए ट्रेन पकड़ी जाएगी। 3 अक्टूबर को छत्रपति संभाजीनगर पहुंचने के बाद एलोरा की प्रसिद्ध कैलाश गुफा देखने जाएंगे। इसके बाद घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन होंगे। रात में नासिक के लिए ट्रेन रवाना होगी।

त्र्यंबकेश्वर और पंचवटी

4 अक्टूबर को सुबह नासिक पहुंचकर होटल में चेक-इन किया जाएगा। इसके बाद त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन होंगे। लंच के बाद पंचवटी घूमने का मौका मिलेगा। शाम को दिल्ली के लिए ट्रेन रवाना होगी। 5 अक्टूबर को सुबह से ट्रेन में चाय, नाश्ता और लंच मिलेगा। दोपहर करीब 1 बजे ट्रेन दिल्ली सफदरजंग रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। इसी के साथ 11 दिनों की यात्रा का समापन हो जाएगा।

कंफर्ट 3AC में सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको 1,05,760 रुपए में पड़ेगी। डबल और ट्रिपल शेयरिंग में किराया क्रमश: 90,930 और 88,810 रुपए तय किया गया है। 5 से 11 साल तक के बच्चे के लिए किराया- 81,415 रुपए है। इस पैकेज का कोड- CDBG45 है। आईआरसीटसी की वेबसाइट पर जाकर आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए आप इन नंबरों- 8595931047, 8287930484 पर संपर्क कर सकते हैं।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article