Responsible Tourism India: आज के समय में घूमने का मतलब सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह जाना नहीं होता बल्कि नए अनुभव और स्थानीय संस्कृति को करीब से महसूस करना होता है। माहौल को देखते हुए अब Responsible Tourism यानि जिम्मेदार पर्यटन की अहमियत पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है। जिम्मेदार पर्यटन का मतलब है कि किसी जगह घूमकर सिर्फ वापस लौट नहीं आना बल्कि वहां की प्रकृति, संस्कृति और स्थानीय लोगों का सम्मान भी बेहद जरूरी है। जिम्मेदार पर्यटन क्या होता है और आज के टाइम में घूमने का तरीका कैसे बदल रहा है इस बात को यहां डिटेल में समझाया गया है। अगर आप भी कहीं ट्रैवल का प्लान कर रहे हैं तो ये खबर आपके बेहद काम आ सकती है।
जिम्मेदार पर्यटन क्या होता है?
इसका मतलब है जिस जगह आप घूमने जाए, उसे पहले से बेहतर हालत में छोड़कर आंए। सीधे शब्दों में समझें- ऐसी यात्रा करना जिससे पर्यावरण, स्थानीय संस्कृति और वहां रहने वाले लोगों को नुकसान न पहुंचे। यानी जब भी आप किसी नई जगह जाएं, तो वहां की साफ-सफाई का ध्यान रखें, प्राकृतिक संसाधनों का सही इस्तेमाल करें और स्थानीय लोगों के रोजगार को बढ़ावा दें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
क्यों जरूरी है Responsible Tourism?
हमारे देश के उदाहरण से इसे समझते हैं। भारत में हर साल लाखों टूरिस्ट यात्रा करते हैं। पहाड़, समुद्र, जंगल, मंदिर, किले और ऐतिहासिक धरोहरें देश की पहचान हैं। घूमने का शौक लोगों में पहले की तुलना में काफी ज्यादा है ऐसे में इन जगहों पर जरूरत से ज्यादा भीड़ होना स्वाभाविक है। अब अगर भीड़ भी है तो ध्यान रखें कि लोग गंदगी न फैलाएं, नियमों का पालन करें, ताकि इन खूबसूरत स्थानों को नुकसान ना पहुंचें। इससे प्राकृतिक धरोहर सुरक्षित रहेंगी और आने वाली पीढ़ियां भी उनका आनंद ले सकेंगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
आप कैसे बन सकते हैं जिम्मेदार पर्यटक?
छोटी-छोटी आदतें भी आपको जिम्मेदार पर्यटक बना सकती हैं। यात्रा के दौरान प्लास्टिक की बोतलें और कचरा इधर-उधर न फेंकें। अपनी पानी की बोतल साथ रखें और जहां संभव हो उसे दोबारा भरकर इस्तेमाल करें। स्थानीय दुकानों से खरीदारी करें और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा दें। बड़े ब्रांड की बजाय स्थानीय रेस्टोरेंट में खाना खाएं। ऐतिहासिक इमारतों या स्मारकों पर कुछ भी न लिखें। जंगल, समुद्र या पहाड़ों में शोर-शराबा करने से बचें। स्थानीय रीति-रिवाजों और संस्कृति का सम्मान करें।
