शहर

Rajasthan Monsoon: राजस्थान में सुस्त पड़ा मानसून, अगले एक हफ्ते तक रहेगा 'ब्रेक'; IMD की आई भविष्यवाणी

Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले एक हफ्ते तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में 'ब्रेक मानसून' और शुष्क मौसम रहने की आशंका जताई है। वहीं, पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।

Image

हफ्ते भर बारिश रहेगी नदारद

Photo : Times Now Digital

Rajasthan Monsoon Update: राजस्थान में झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए निराशाजनक खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को साफ किया कि आगामी सप्ताह के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में मानसून की गतिविधियां बेहद कमजोर रहने वाली हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक पूरे प्रदेश में मुख्य रूप से शुष्क मौसम बना रहेगा।

जयपुर मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के केवल कुछ गिने-चुने इलाकों में ही हल्की बारिश और तेज हवाएं दर्ज की गईं। इस अवधि में बूंदी जिले के तालेरा में सबसे अधिक 5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, श्रीगंगानगर 41.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान सिरोही में 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

क्या होता है 'ब्रेक मानसून', राजस्थान पर क्या होगा असर?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून ट्रफ की स्थिति में बदलाव आने के कारण राजस्थान में 'ब्रेक मानसून' जैसी स्थितियां बन रही हैं। इसके प्रभाव से राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज पश्चिमी राजस्थान में जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अगला पूरा हफ्ता सूखा रहने का अनुमान है। हालांकि, एक कमजोर वेदर सिस्टम सक्रिय होने की वजह से 14 और 15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चुरू जिलों में कहीं-कहीं छिटपुट या हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। पूर्वी हिस्सों में भी अगले 5 से 6 दिनों तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा। लेकिन राहत की बात यह है कि शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 13 से 15 जुलाई के बीच हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।

तेज अंधड़ और धूल भरी आंधी की चेतावनी

बारिश में कमी के बीच मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के वासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। आईएमडी (IMD) के मुताबिक, अगले दो से तीन दिनों के दौरान जोधपुर और बीकानेर संभाग के जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी हवाएं और आंधी चलने की प्रबल आशंका है। इस मौसमी बदलाव के कारण लोगों को उमस और तपती गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article