यात्रा

सफेद रेगिस्तान में फिर लौटेगी रौनक, जानें Rann Utsav 2026 की तारीख

Rann Utsav 2026: रण उत्सव पर्यटकों को यादगार अनुभव, लोक कला और शानदार आतिथ्य का मौका देगा। ये स्थान ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।

Image

सफेद रेगिस्तान में फिर लौटेगी रौनक (फोटो: Pnterest)

Rann Utsav 2026: परिवार के साथ या फिर सोलो ट्रैवल करने के लिए आप किसी यूनीक ट्रैवल डेस्टिनेशन की तलाश में हैं तो रण उत्सव आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन है। प्रकृति का अद्भुत नजारा, लोक संस्कृति, स्वादिष्ट गुजराती खाना और एडवेंचर का मजा यहां आप एक साथ ले सकते हैं। गुजरात के कच्छ में हर साल लगने वाला यह उत्सव ना केवल भारतीय पर्यटकों को आकर्षित करता है बल्कि विदेश से भी लाखों पर्यटक इसका हिस्सा बनने के लिए यहां आते हैं। सफेद नमक के विशाल रेगिस्तान में आयोजित होने वाला यह उत्सव एक बार फिर पर्यटकों का स्वागत करने के लिए तैयार है। इस बार रण उत्सव 1 नवंबर 2026 से 7 मार्च 2027 तक आयोजित किया जाएगा।

रण उत्सव की खासियत

इसे गुजरात का मूनलैंड भी कहते हैं। दूर-दूर तक फैला सफेद नमक का रेगिस्तान इस उत्सव की पहचान है जो किसी जादुई दुनिया से कम नहीं है। दिन में सूरज की रोशनी में चमकता यह नजारा आपका दिल जीत लेगा वहीं रात में चांदनी के नीचे का मनमोहक दृश्य शायद ही आप कभी भूल पाएंगे।

गुजरात की समृद्ध लोक संस्कृति और खरीदारी

प्राकृतिक खूबसूरती के दीदार करने के अलावा यहां आने वाले पर्यटकों को गुजरात की समृद्ध लोक संस्कृति को करीब से महसूस करने का मौका भी मिलता है। लोक संगीत, पारंपरिक नृत्य और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी इस उत्सव की पहचान हैं जो हर उम्र के लोगों का दिल जीत लेती है। इसके अलावा अगर आपको खरीदारी का शौक है, तो कच्छ की मशहूर कढ़ाई, हाथ से बने कपड़े, पारंपरिक आभूषण, मिट्टी की कलाकृतियां और कई तरह के हस्तशिल्प उत्पाद आपको यहां खरीदने का मौका मिलता है। इसके साथ ही गुजराती व्यंजनों का स्वाद भी आप चख सकते हैं।

एडवेंचर और टेंट सिटी में ठहरने का अनुभव

अगर आप एडवेंचर की चाह में यात्रा का प्लान कर रहे हैं तो ये जगह आपको बिल्कुल निराश नहीं करेगी। यहां पैरामोटरिंग, एटीवी बाइक राइड, ऊंट की सवारी, ऊंटगाड़ी की सैर और कई एडवेंचर एक्टिविटीज का लुत्फ उठा सकते हैं। वहीं स्टे के लिए यहां साधारण से लेकर लग्जरी टेंट तक कई विकल्प उपलब्ध रहते हैं। यात्रा से पहले जान लें कि धोरड़ो में बनाई गई टेंट सिटी पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र है।

prabhat sharma
प्रभात शर्मा author

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–... और देखें

End of Article