Dandu Maa ka Mandir: नवरात्रि पर घूमने का प्लान बनाना एक शानदार विचार है जिसके माध्यम से आप भक्ति, संस्कृति और यात्रा का एक साथ आनंद ले सकते हैं। नवरात्रि के पर्व को और भी ज्यादा स्पेशल बनाने के लिए इस बार आप उड़ीसा के पारलाखेमुंडी (Paralakhemundi) का रुख कर सकते हैं। यहां मां दुर्गा का एक ऐसा मंदिर है जो साल में केवल नौ दिनों के लिए, यानी नवरात्रि के दौरान ही खुलता है। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के बीच डांडू मां (Dandu Maa) के नाम से इस मंदिर को जाना जाता है। नवरात्रि के दौरान यहां भारी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं और मां डांडू से आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। आइए, जानते हैं इस अनोखे दुर्गा मंदिर के बारे में और भी खास बातें जिसे जानने के बाद आप भी फटाफट से प्लान बना सकते हैं।
डांडू मां की अनोखी परंपरा
मंदिर सालभर बंद रहता है और कोई भी आम दिन पर मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश नहीं कर सकता है। नवरात्रि के अंत में मंदिर को बंद करने से पहले एक नारियल देवी को अर्पित किया जाता है जो पूरे वर्ष तक मंदिर के भीतर ही सुरक्षित रहता है। अगले साल नवरात्रि में मंदिर खुलने पर उसी नारियल को प्रसाद के रूप में भक्तों में बांटा जाता है।
डांडू मां का महत्व
डांडू मां रक्षा और समृद्धि की देवी हैं। मान्यता है कि माता रानी के दर्शन मात्र से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। आज भी पूर्णतः पारंपरिक रूप से मंदिर और इसकी परंपराएं निभाई जाती हैं, जो इसे पवित्र बनाती हैं।
कैसे पहुंचें
पारलाखेमुंडी एक छोटा शहर है, इसलिए इस स्थान तक पहुंचने के लिए पहले आपको पास के बड़े शहर तक पहुंचना होगा। सड़क मार्ग से अगर आप यात्रा कर रहे हैं तो जान लें- बेरहामपुर, रायगडा, श्रीकाकुलम और विजयनगरम से सड़क मार्ग पर अच्छी तरह से यात्रा की जाती है। सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन- परलाखेमुंडी रेलवे स्टेशन (PLH) है। सबसे नजदीकी हवाई अड्डा- विशाखापत्तनम हवाई अड्डा (VTZ)- लगभग 190 किमी दूर है।
