IRCTC: बेंगलुरु से आस्था और संस्कृति की यात्रा करने का आपके पास सुनहरा मौका है। इस टूर पैकेज का नाम- 'Divine Tamil Nadu Package Ex Bengaluru' है। 5 दिन की ये ट्रिप रहने वाली है। 25 जून 2026 को आपकी यात्रा SMVT बेंगलुरु (SMVB) स्टेशन से ट्रेन नंबर 17235 द्वारा शाम 5:15 बजे शुरू होगी। रातभर ट्रेन में सफर रहेगा।
अगले दिन सुबह 7:20 बजे नागरकोइल जंक्शन पहुंचेंगे। वहां से आपको पहले से बुक की गई गाड़ी से होटल ले जाया जाएगा। होटल में चेक-इन करने के बाद आप कन्याकुमारी के प्रसिद्ध मंदिर और जगहें घूमेंगे जैसे कुमारी अम्मन मंदिर, विवेकानंद रॉक मेमोरियल, तिरुवल्लुवर प्रतिमा और गांधी स्मारक। (ध्यान रहे ये सभी जगहें होटल से पैदल दूरी पर हैं, इसलिए आपको खुद ही घूमना होगा)। शाम को आप सनसेट पॉइंट और वैक्स म्यूजियम भी देख सकते हैं। रात को कन्याकुमारी में ही ठहराव रहेगा।
अगले दिन सुबह जल्दी समुद्र किनारे सूर्योदय देखने का आनंद आप खुद ले सकते हैं। इसके बाद होटल से चेक-आउट करके तिरुचेंदुर होते हुए रामेश्वरम के लिए रवाना होंगे। वहां पहुंचकर होटल में चेक-इन करेंगे। शाम का समय आप अपने हिसाब से आराम या घूमने के लिए रख सकते हैं। रात को रामेश्वरम में ठहराव रहेगा।
अगले दिन सुबह जल्दी उठकर रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन के लिए जाएंगे। इसके बाद रामर पादम मंदिर और फाइव फेस हनुमान मंदिर के दर्शन करेंगे। होटल से चेक-आउट करके मदुरै के लिए रवाना होंगे। रास्ते में तिरुपरनकुंद्रम मुरुगन मंदिर, तिरुमलाई नायक महल और मीनाक्षी अम्मन मंदिर घूमेंगे। रात 8 बजे तक मदुरै स्टेशन पर आपको छोड़ दिया जाएगा। इसके बाद ट्रेन नंबर 17236 से रात 11:50 बजे बेंगलुरु के लिए वापसी यात्रा शुरू होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऋषिकेश के पास बसा है स्वर्ग जैसा हिल स्टेशन, भट की दाल और पहाड़ी व्यंजन के लिए है फेमस
सोमवार को सुबह 9:30 बजे आप SMVT बेंगलुरु (SMVB) स्टेशन पहुंचेंगे और आपकी यह यात्रा यहीं समाप्त हो जाएगी। सोलो ट्रिप के लिए भी ये ट्रिप परफेक्ट रहेगी। खर्चे की बात करें तो सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको 26,250 रुपए में पड़ेगी। डबल और ट्रिप शेयरिंग में किराया क्रमश: 14,240 और 10,710 रुपए तय किया गया है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट या फिर मोबाइल एप्प के माध्यम से आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं। इस पैकेज का कोड SBR034 है। ज्यादा जानकारी के लिए आप आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट पर या इन नंबरों पर- 080-43023088/ 8595931291 संपर्क कर सकते हैं।
