इतिहास के रास्तों पर सफर, देखें लाला लाजपत राय से जुड़ी ऐतिहासिक जगहें
- Authored by: गुलशन कुमार
- Updated Jan 28, 2026, 12:11 PM IST
Lala Lajpat Rai Jayanti: भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के मजबूत स्तंभ लाला लाजपत राय का जन्म 28 जनवरी 1865 को हुआ था। आज लाला लाजपत राय की जयंती के मौके पर हम आपको उनसे जुड़ी कुछ ऐतिहासिक जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं।
लाला लाजपत राय से जुड़ी ऐतिहासिक जगहें
Lala Lajpat Rai Jayanti: आज ट्रैवल सिर्फ घूमने-फिरने तक सीमित नहीं रहा है। अब लोग ऐसी यात्राएं करना भी पसंद करते हैं, जो उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ें, इतिहास की याद दिलाएं और उनकी सोच को एक नई दिशा दें। आज हम भी आपको एक ऐसी ही प्रेरणादायी यात्रा पर ले चलते हैं। भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के मजबूत स्तंभ लाला लाजपत राय का जन्म 28 जनवरी 1865 को हुआ था। आज लाला लाजपत राय की जयंती के मौके पर हम आपको उनसे जुड़ी कुछ ऐतिहासिक जगहों के बारे में बताएंगे। 'पंजाब केसरी' के नाम से पहचान रखने वाले लाला लाजपत राय न सिर्फ स्वतंत्रता सेनानी थे, बल्कि समाज सुधारक, और राष्ट्र निर्माण के मजबूत स्तंभ भी थे। आइए देखते हैं उनके जीवन से जुड़े प्रमुख स्थल...
धुदिके, पंजाब
पंजाब के मोगा जिले का छोटा सा गांव दुधिके, लाला लाजपत राय की जन्मस्थली है। आज भी यहां उनका पैतृक घर और स्मृति स्थल मौजूद हैं, जो सादगी और संघर्ष की कहानी कहते हैं। यह गांव राजधानी चंडीगढ़ से 160 किलोमीटर दूर है। जहां आप बस, टैक्सी और कैब के द्वारा आसानी से पहुंच सकते हैं।
लाहौर, पाकिस्तान
हालांकि लाहौर आज भारत में नहीं है, लेकिन लाला लाजपत राय जी की सोच वहां आज भी जिंदा है। नेशनल कॉलेज, लाहौर जिसकी स्थापना लाला जी ने की थी शिक्षा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का उदाहरण है। इतिहास प्रेमियों के लिए यह एक भावनात्मक ट्रैवल स्टॉप है। नेशनल कॉलेज लाहौर देखने के लिए आपको पाकिस्तान की यात्रा करनी होगी।
काशी, उत्तर प्रदेश
लाला लाजपत राय का काशी से गहरा जुड़ाव रहा। लाला लाजपत राय ने आर्य समाज के माध्यम से काशी में वेदों के पुनर्जागरण और भारतीय शिक्षा प्रणाली को पुनर्जीवित करने के प्रयासों में सक्रिय भूमिका निभाई। स्वामी दयानंद सरस्वती की विचारधारा के तहत लाला लाजपतराय जी काशी में वैदिक शिक्षा के प्रसार में शामिल थे। इसके अलावा काशी में लाला जी ने स्वतंत्रता आंदोलन को भी मजबूत करने का काम किया।
इन सभी स्थानों की यात्रा यह सिखाती है कि लाला लाजपत राय की सोच सिर्फ इतिहास की किताबों तक सीमित नहीं है। इससे आगे शिक्षा में आत्मनिर्भरता, जीवन में अनुशासन, समाज के प्रति जिम्मेदारी और राष्ट्र के लिए निडरता लाला जी के जीवन से जुड़े ये मूल्य आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। इतिहास से जुड़ा ट्रैवल केवल अतीत को देखने की यात्रा नहीं है, बल्कि वर्तमान को समझने और भविष्य को बेहतर बनाने की प्रेरणा है। आप भी इन जगहों पर जाते समय लाला लाजपत राय को याद कर सकते हैं।