Eclipse Tourism: कभी किसी ने सोचा था कि आसमान में कुछ मिनटों के लिए छाने वाला अंधेरा भी पर्यटन की वजह बन सकता है? लेकिन दुनिया में Eclipse Tourism यानी ग्रहण पर्यटन तेजी से इसी रोमांच को अनुभव करने का जरिया बन रहा है। पूर्ण सूर्य ग्रहण के दौरान दिन के उजाले का अचानक धुंधला पड़ना, तापमान में बदलाव और सूरज के सामने चंद्रमा की काली आकृति यह अनुभव इतना दुर्लभ है कि इसके लिए लोग हजारों किलोमीटर की यात्रा और लाखों रुपये खर्च करने से भी पीछे नहीं हटते। जी हां आज Eclipse Tourism तेजी से लोगों के बीच पॉपुलर हो रहा है। आइए जानते हैं इस नए ट्रैवल ट्रेंड के बारे में...
कुछ मिनटों का अंधेरा देखने की तैयारी
पूर्ण सूर्य ग्रहण किसी एक जगह पर बार-बार देखने को नहीं मिलता है। यही इसकी सबसे बड़ी खासियत है। ग्रहण का पूर्ण चरण यानी Totality बेहद सीमित इलाके में दिखाई देता है और कई बार वहां यह दृश्य केवल कुछ मिनटों तक ही रहता है। इसी वजह से ग्रहण प्रेमी सालों पहले अपनी इस स्पेशल यात्रा की योजना बनाना शुरू कर देते हैं। इसके लिए होटल, फ्लाइट, क्रूज, विशेष ट्रेन और देखने के लिए सबसे बेहतर लोकेशन सब कुछ पहले से बुक किया जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: देश की आजादी के रास्तों पर करें सफर, देखें गांधी जी से जुड़ी 5 ऐतिहासिक जगहें
लाखों रुपये खर्च करने की वजह क्या है?
इस तरह के ट्रैवल का प्लान करते समय लाखों रुपए क्यों खर्च हो जाते हैं, ये सवाल स्वाभाविक है। जब ग्रहण कुछ ही मिनट का है तो उसके लिए इतना पैसा क्यों? इसका जवाब सिर्फ रोमांच नहीं, बल्कि इसका दुर्लभ होना है। पूर्ण सूर्य ग्रहण का अनुभव किसी सामान्य पर्यटन स्थल की तरह कभी भी उपलब्ध नहीं होता है। इसके लिए सही तारीख, सही स्थान और सही मौसम तीनों का संयोग जरूरी है।
कई यात्रियों के लिए यह जिंदगी में एक बार मिलने वाला अनुभव होता है। वे इसे केवल छुट्टी नहीं बल्कि एक तरह की Bucket List Experience मानते हैं। यही वजह है कि लोग प्रीमियम होटल, चार्टर्ड फ्लाइट, लग्जरी क्रूज और खास Eclipse Tours पर बड़ी रकम खर्च करते हैं।
जब दिन में होता है रात का अहसास
पूर्ण सूर्य ग्रहण का आकर्षण सिर्फ सूरज का छिपना नहीं है। जबकि इसके दौरान वातावरण में अचानक बदलाव महसूस किया जा सकता है। दिन का आसमान गहरा होने लगता है, आसपास का तापमान कुछ कम महसूस हो सकता है और कुछ जगहों पर पक्षियों तथा जानवरों के व्यवहार में भी बदलाव देखा गया है। सबसे रोमांचक क्षण तब आता है जब चंद्रमा पूरी तरह सूर्य को ढक लेता है और उसके चारों ओर सूर्य की बाहरी परत यानी Corona दिखाई देती है। यही वह दृश्य है जिसे देखने के लिए दुनिया भर से लोग लंबी यात्राएं करते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Passenger Paramvir ने दिखाई ऐसी दुनिया जहां जिंदगी चलती है ऑफलाइन
कौन हैं ग्रहण देखने वाले लोग?
ग्रहण देखने के लिए बेताब दुनिया में ऐसे लोगों का एक खास समूह भी है जिन्हें Eclipse Chasers कहा जाता है। ये लोग अलग-अलग देशों में जाकर सूर्य ग्रहण देखते हैं और कई बार अपने जीवन में दर्जनों ग्रहणों का अनुभव कर चुके होते हैं। उनके लिए यह सिर्फ पर्यटन नहीं, बल्कि खगोल विज्ञान, फोटोग्राफी और रोमांच का मिश्रण है। कुछ लोग विशेष कैमरा, टेलीस्कोप और फिल्टर के साथ ग्रहण की तस्वीरें खींचते हैं, जबकि कुछ केवल उस दुर्लभ क्षण को अपनी आंखों से महसूस करना चाहते हैं।
Eclipse Tourism ने बना दिया पूरा ट्रैवल बिजनेस
ग्रहण की लोकप्रियता ने पर्यटन उद्योग के लिए भी नया बाजार तैयार किया है। अब कई कंपनियां ग्रहण की तारीखों के आसपास विशेष पैकेज तैयार करती हैं। इनमें होटल से लेकर ट्रांसपोर्ट, स्थानीय गाइड, विशेषज्ञों के लेक्चर और सुरक्षित तरीके से ग्रहण देखने की व्यवस्था तक शामिल हो सकती है।
कुछ यात्राएं समुद्र में क्रूज के जरिए आयोजित की जाती हैं, ताकि बादलों से बचने और ग्रहण के बेहतर दृश्य वाले क्षेत्र तक पहुंचने की संभावना बढ़ सके। यानी कुछ मिनट के खगोलीय नजारे ने पर्यटन का एक ऐसा मॉडल खड़ा कर दिया है, जहां Destination खुद ग्रहण है।
जिंदगी भर की याद बनेगा ट्रैवल
Eclipse Tourism हमें यह भी बताता है कि आज का यात्री केवल जगहें देखने नहीं, बल्कि अनुभव खरीदने के लिए भी यात्रा कर रहा है। किसी के लिए पहाड़ रोमांच हैं, किसी के लिए समुद्र और किसी के लिए अंतरिक्ष से जुड़ा दुर्लभ खगोलीय नजारा है। सूर्य ग्रहण भले ही कुछ मिनट का हो, लेकिन उसे देखने के लिए की गई यात्रा कई दिनों या हफ्तों की कहानी बन सकती है। शायद यही वजह है कि लोग लाखों रुपये खर्च करके भी उस क्षण का इंतजार करते हैं, जब दिन के बीच आसमान अचानक अंधेरा हो जाए और उन्हें महसूस हो कि, उन्होंने ब्रह्मांड को अपनी आंखों के सामने बदलते हुए देखा है।
डिस्क्लेमर- सूर्य ग्रहण को बिना उचित सोलर-सेफ्टी फिल्टर के सीधे आंखों से देखना आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। ग्रहण देखने के लिए प्रमाणित सोलर व्यूइंग ग्लास या उपयुक्त सुरक्षित उपकरण का ही इस्तेमाल करें।
