शहर

Mumbai News: IIT मुंबई कैंपस में सिलेंडर पाइप से गैस लीक, आग लगने से 2 बच्चों समेत 5 घायल, इलाज जारी

मुंबई के IIT पवई (IIT Bombay) कैंपस में गैस सिलेंडर पाइप से रिसाव के कारण अचानक आग भड़क गई। हादसे में दो बच्चों समेत 5 लोग घायल हो गए हैं।

Image

गैस रिसाव से मुंबई IIT पवई कैंपस में हादसा

IIT Bombay Fire News: मुंबई के पवई स्थित प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT Bombay) परिसर से एक दुर्घटना की खबर सामने आई है। गुरुवार देर रात हॉस्टल नंबर 6 के पास एक निर्माणाधीन शेड में रसोई गैस सिलेंडर के पाइप से अचानक रिसाव होने के बाद आग भड़क गई। इस हादसे में दो बच्चों समेत कुल पांच लोग झुलस गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बीएमसी (BMC) की आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।

राजावाड़ी और कस्तूरबा अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे के बाद सभी पांचों घायलों को तुरंत घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चार गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए चिंचपोकली स्थित कस्तूरबा अस्पताल ट्रांसफर कर दिया गया, जबकि एक मरीज का इलाज राजावाड़ी अस्पताल में ही चल रहा है। अस्पताल के चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है। घायलों में 12 वर्षीय अंश अहिरवार, 9 वर्षीय तहजीब आलम, 34 वर्षीय शिवकुमार सिंह और 23 वर्षीय अनिलकुमार यादव को कस्तूरबा अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जबकि 37 वर्षीय ईश्वर सिंह को राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई गई है।

पुलिस और बीएमसी कर रही मामले की जांच

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 10:24 बजे की है। हॉस्टल परिसर में मजदूरों के शेड में खाना बनाते समय गैस पाइप से रिसाव हुआ, जिसने देखते ही देखते लपटों का रूप ले लिया। दमकल कर्मियों और पुलिस ने तुरंत आग पर काबू पा लिया, जिससे कोई बड़ा हादसा होने से बच गया। स्थानीय पुलिस और बीएमसी की टीम मामले के कारणों की विस्तृत जांच में जुटी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article