Ramayana Yatra: अगर आप आस्था और पर्यटन का अनोखा अनुभव एकसाथ करना चाहते हैं तो आईआरसीटीसी का ये टूर पैकेज आपके लिए खास होने वाला है। इन टूर पैकेज का नाम- 'SRI LANKA RAMAYANA YATRA' है। यात्रा की शुरुआत 24 सितंबर 2026 को कोयंबटूर एयरपोर्ट से होगी। यहां से फ्लाइट के जरिए पहले चेन्नई पहुंचेंगे। इसके बाद श्रीलंका के बंडारानायके इंटरनेशनल एयरपोर्ट, कोलंबो पहुंचेंगे। एयरपोर्ट पर टूर गाइड आपका स्वागत करेगा और वहां से आपको चिलाव ले जाया जाएगा। होटल में चेक-इन के बाद रात का खाना मिलेगा और यहीं रात्रि विश्राम होगा।
दूसरे और तीसरे दिन का प्लान
सुबह नाश्ते के बाद सबसे पहले मानावारी मंदिर के दर्शन होंगे। मान्यता है कि यहां भगवान राम ने पहला शिवलिंग स्थापित किया था। इसके बाद मुनीश्वरम मंदिर जाएंगे, जिसका संबंध भी रामायण से माना जाता है। फिर दंबुला गुफा मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद त्रिंकोमाली पहुंचकर प्रसिद्ध तिरु कोनेश्वरम मंदिर के दर्शन होंगे, जो भगवान शिव के सबसे पवित्र मंदिरों में से एक माना जाता है। साथ ही श्री लक्ष्मी नारायण पेरुमल मंदिर भी दिखाया जाएगा। दिन खत्म होने पर दंबुला में होटल में ठहरने की व्यवस्था रहेगी।
तीसरे दिन नाश्ते के बाद होटल से चेक-आउट कर कैंडी के लिए रवाना होंगे। रास्ते में दोपहर का भोजन कराया जाएगा। कैंडी पहुंचने पर जेम फैक्ट्री और बाटिक फैक्ट्री का भ्रमण कराया जाएगा। शाम को यहां का प्रसिद्ध कैंडी कल्चरल शो देखने का मौका मिलेगा। इसके बाद टेंपल ऑफ द सेक्रेड टूथ रेलिक के दर्शन होंगे, जो यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है। रात कैंडी में होटल में बिताई जाएगी।
चौथे, पांचवे और छठे दिन का प्लान
चौथे दिन सुबह नाश्ते के बाद होटल से चेक-आउट कर खूबसूरत पहाड़ी शहर नुवारा एलिया के लिए रवाना होंगे। रास्ते में श्री भक्त हनुमान मंदिर (रंबोडा) के दर्शन होंगे, जिसका संबंध रामायण से जुड़ा हुआ है। इसके बाद सीता अम्मन मंदिर जाएंगे, जहां मान्यता है कि माता सीता ने अपने वनवास के दौरान समय बिताया था। फिर सीता एलिया (अशोक वाटिका) का भ्रमण कराया जाएगा, जहां रावण ने माता सीता को बंदी बनाकर रखा था। रात को नुवारा एलिया के होटल में ठहरने की व्यवस्था रहेगी।
पांचवे दिन नाश्ते के बाद होटल से चेक-आउट कर पिन्नावाला एलीफेंट ऑर्फनेज ले जाया जाएगा, जहां हाथियों की देखभाल की जाती है और उन्हें करीब से देखने का मौका मिलेगा। इसके बाद सड़क मार्ग से कोलंबो के लिए रवाना होंगे। रास्ते में दोपहर का भोजन कराया जाएगा। कोलंबो पहुंचकर पंचमुख अंजनेयार मंदिर और केलनिया बुद्ध मंदिर के दर्शन होंगे। मान्यता है कि यहीं विभीषण का राजतिलक हुआ था। इसके बाद कोलंबो शहर का भ्रमण कराया जाएगा। रात को कोलंबो के होटल में ठहरेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: ऊटी या दार्जिलिंग-2026 की गर्मी में कहां जाएं घूमने, कौन सी जगह है असली पहाड़ों की रानी
छठे दिन सुबह बहुत जल्दी होटल से चेक-आउट किया जाएगा। यात्रियों को पैक्ड ब्रेकफास्ट दिया जाएगा और एयरपोर्ट ले जाया जाएगा। वहां से फ्लाइट द्वारा पहले चेन्नई पहुंचेंगे। इसके बाद घरेलू उड़ान से कोयंबटूर के लिए रवाना होंगे। कोयंबटूर पहुंचने के साथ ही यह 6 दिन की रामायण यात्रा सुखद यादों के साथ समाप्त हो जाएगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: भारत में बढ़ रहा है Second City Tourism का ट्रेंड, जानें क्यों बदल रही है घूमने की सोच
खर्चा और बुकिंग से रिलेटेड जानकारी
सिंगल शेयरिंग में ये ट्रिप आपको 85,800 रुपए में पड़ेगी। डबल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया- 64,400 रुपए है। ट्रिपल शेयरिंग में प्रति व्यक्ति किराया- 64,000 रुपए है। 5 से 11 साल तक के बच्चे के लिए किराया- 49,500 रुपए है। इस पैकेज का कोड- SEO16 है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर जाकर आप पैकेज की बुकिंग कर सकते हैं।
