Key Monastery Spiti: हिमाचल प्रदेश में एक से बढ़कर एक टूरिस्ट स्पॉट हैं। रोमांच की चाह में इस बार आप स्पीति घाटी का रुख कर सकते हैं। स्पीति घाटी अपने खूबसूरत बौद्ध मठों के लिए फेमस है जहां दूर-दूर से पर्यटक सुकून और शांति की तलाश में आते हैं। ऐसे में शहर की भागम-भाग से दूर शांति के दो पल बिताने के लिए इस बार आपको स्पीति के सबसे बड़े और पुराने मठ का दौरा करना चाहिए।
हम बात कर रहे हैं 11वीं सदी में बने 'की मठ' की जहां आपको कला, संस्कृति और इतिहास के जीवंत प्रमाण मिल जाएंगे। तिब्बती बौद्ध मठ Kee 4,166 मीटर की ऊंचाई पर एक पहाड़ी की चोटी पर स्थित है। ये मठ किले जैसी दिखने वाली अपनी विशिष्ट वास्तुकला और आध्यात्मिक महत्व के लिए फेमस है।
इस मठ का कनेक्शन गेलुग्पा संप्रदाय से है। यह मठ लामाओं के लिए एक धार्मिक प्रशिक्षण केंद्र के रूप में कार्य करता है। फोटोग्राफी का शौक रखने वाले पर्यटकों के लिए ये जगह जन्नत से कम नहीं है। पहाड़ी पर स्थित स्पीति नदी के किनारे से पूरी घाटी का मंत्रमुग्ध कर देने वाला दृश्य आपको देखने को मिल जाएगा।
रोमांच की चाह रखने वाले पर्यटकों के लिए ये सफर कभी ना भूल पाने वाला अनुभव लेकर आएगा क्योंकि सड़क मार्ग से यात्रा के दौरान घुमावदार सड़कें, ऊंचे पहाड़, सुनसान परिदृश्य और नदी के किनारों से घिरी हुई अद्भुत दुनिया आपका इंतजार कर रही होती है। सड़क मार्ग से यहां पहुंचना बेहद सुगम होता है। स्पीति की राजधानी काजा से सड़क मार्ग से लगभग 12 किलोमीटर की दूरी पर यह बसा हुआ है।
