यात्रा

चारधाम जाने से पहले मत करना ये गलती, जरूर पता होनी चाहिए ये 5 बातें

Char Dham Yatra 2026: चारधाम यात्रा सिर्फ एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि हिमालय की खूबसूरत वादियों के बीच आस्था से जुड़ा एक खास अनुभव है। यात्रा से पहले 5 जरूरी बातें आपको जरूर पता होनी चाहिए।

Image

चारधाम जाने से पहले मत करना ये गलती

Char Dham Yatra 2026: हर साल हजारों श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड पहुंचते हैं। श्रद्धालु इस पावन यात्रा के दौरान यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ के दर्शन करने जाते हैं। आस्था से जुड़ा ये खास अनुभव इतना आसान नहीं होता। यात्रा के दौरान पहाड़ों का कठिन रास्ता, बदलता मौसम और बढ़ती भीड़ इस यात्रा को चुनौतीपूर्ण बना देती है। साल 2026 में भी चारधाम यात्रा (Char Dham Yatra) में भारी भीड़ देखने को मिल रही है। ऐसे में अगर आप भी यात्रा की तैयारी कर रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातें हैं जो आपको जरूर पता होनी चाहिए।

पहाड़ों का मौसम

पहाड़ों का मौसम कब बदल जाए कहना मुश्किल है। चारधाम के रास्तों पर अचानक बारिश, कोहरा, भूस्खलन या ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तक हो सकती है। कई बार खराब मौसम की वजह से सड़कें कुछ समय के लिए बंद भी करनी पड़ती हैं। इसलिए यात्रा का प्लान बनाते समय थोड़ा अतिरिक्त समय जरूर रखें।

ऊंचाई पर सांस लेने में हो सकती है परेशानी

केदारनाथ और बद्रीनाथ काफी ऊंचाई पर स्थित हैं। ऐसे में कई लोगों को सांस फूलना, चक्कर आना, कमजोरी या सिरदर्द जैसी दिक्कत हो सकती है। खासकर बुजुर्ग यात्रियों को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए। यात्रा के दौरान धीरे-धीरे चलें, पानी खूब पिएं और शरीर को आराम देते रहें।

पहले से बुकिंग करना बेहद जरूरी

चारधाम यात्रा में हर साल लाखों लोग पहुंचते हैं, जिसकी वजह से होटल, धर्मशाला, हेलिकॉप्टर सेवा, टैक्सी और घोड़े-खच्चरों की बुकिंग जल्दी फुल हो जाती है। आखिरी समय पर बुकिंग करने पर ज्यादा पैसे भी देने पड़ सकते हैं। इसलिए यात्रा शुरू करने से पहले रहने और आने-जाने की व्यवस्था पहले ही कर लें।

एक ही यात्रा में कई मौसमों के लिए रहें तैयार

चारधाम यात्रा में दिन में तेज धूप तो रात में कड़ाके की ठंड महसूस हो सकती है। खासकर केदारनाथ और यमुनोत्री में मौसम पलभर में बदल जाता है। इसलिए गर्म कपड़े, रेनकोट, मजबूत जूते, जरूरी दवाइयां, टॉर्च, पावर बैंक और हल्का स्नैक्स साथ जरूर रखें। पहाड़ों में बारिश कभी भी शुरू हो सकती है, इसलिए रेन गियर बहुत काम आता है।

सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी

यात्रा के दौरान प्रशासन कई बार मौसम और सुरक्षा को देखते हुए रूट बदल सकता है या कुछ जगहों पर रोक लगा सकता है। ऐसे नियमों को नजरअंदाज करना खतरे से खाली नहीं होता। साथ ही पहाड़ों की साफ-सफाई का भी ध्यान रखें। प्लास्टिक या कूड़ा इधर-उधर न फेंकें और संवेदनशील इलाकों में लापरवाही से कैंपिंग करने से बचें।

prabhat sharma
प्रभात शर्माauthor

प्रभात शर्मा टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के फीचर डेस्क में कार्यरत ट्रैवल और लाइफस्टाइल राइटर हैं। यात्राओं के प्रति उनका गहरा जुनून और नई जगहों को समझने–परखने की क्षमता उनकी लेखन शैली को बेहद जीवंत और पाठकों से जोड़ने वाली बनाती है। वे ऑफबीट डेस्टिनेशन, लोकल कल्चर, हेरिटेज साइट्स, रोड ट्रिप्स, फूड जर्नी और बजट ट्रैवल जैसे विषयों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। प्रभात की स्टोरीज़ सिर्फ जानकारी नहीं देतीं, बल्कि यात्रा के माहौल, भाव और अनुभव को भी महसूस कराती हैं। अब तक 7,000 से अधिक कंटेंट लिख चुके प्रभात अपनी सहज भाषा, प्रामाणिक जानकारी और अनुभव-आधारित दृष्टिकोण के लिए जाने जाते हैं।

और पढ़ें
End of Article