ऋषभ पंत

ऋषभ पंत भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी हैं। ऋषभ पंत का जन्म 4 अक्टूबर, 1997 को उत्तराखंड के हरिद्वार में हुआ था। वो दिल्ली की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलते हैं। 1 फरवरी, 2017 को ऋषभ पंत ने इंग्लैंड के खिलाफ बेंगलुरू में भारत के लिए पहला अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच खेलकर करियर की शुरुआत की थी। तब से लेकर अब तक पंत भारतीय टीम का अभिन्न हिस्सा बन गए हैं। शुरुआत से ही पंत को एमएस धोनी का उत्तराधिकारी माना जा रहा था। उनकी जगह पंत को लगातार मौके दिए गए। शुरुआत में पंत ज्यादा कुछ नहीं कर पाए लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने मौका मिलते ही धमाल कर दिया। 21 अगस्त, 2018 को उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ नॉटिंघम में टेस्ट डेब्यू का मौका मिला। पहली ही सीरीज में ओवल में शतक जड़कर पंत ने ये साबित कर दिया की वो लंबी रेस के घोड़े हैं।

साल 2019 में विश्व कप के दौरान ऑलराउंडर विजय शंकर के चोटिल होने के बाद उन्हें टीम में जगह मिली थी। सीमित ओवरों की क्रिकेट में पंत ने कुछ धमाकेदार पारियां खेली हैं लेकिन वो खुद को अबतक साबित नहीं कर पाए हैं। आईपीएल में पंत दिल्ली कैपिटल्स की टीम के साथ हैं और इस टीम के कप्तान भी हैं। साल 2021 में पंत की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स की टीम प्लेऑफ तक पहुंचने में सफल रही थी।