क्रिकेट

बीच मैच मैदान से ऋषभ पंत को जाना पड़ा बाहर, जान लें कारण

कोलंबो टेस्ट के पहले दिन विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को चोट के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा। भारतीय टीम के फिजियोथेरेपिस्ट ने मैदान पर आकर उनका उपचार किया।

Image

ऋषभ पंत (साभार-x)

भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन रविवार को बाएं हाथ पर चोट लगने के बाद ’रिटायर्ड हर्ट’ होकर मैदान से बाहर चले गए। दिन के तीसरे सत्र में श्रीलंका के तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा ने पंत को शॉर्ट गेंद डाली और भारतीय खिलाड़ी ने गेंद को पुल करने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले के बजाय सीधे उनके बाएं हाथ पर जा लगी। चोट लगने के बाद पंत दर्द से कराहते दिखाई दिए। भारतीय टीम के फिजियोथेरेपिस्ट ने मैदान पर आकर उनका उपचार किया।

पंत के हाथ पर पहले ’आइस पैक’ लगाया गया और फिर पट्टी बांधी गई। लेकिन दर्द ज्यादा होने के कारण पट्टी भी जल्द हटा दी गई। पंत ने 15 गेंदों पर नाबाद तीन रन बनाए और पारी के 58वें ओवर में फिजियोथेरेपिस्ट के साथ मैदान से बाहर चले गए। इसके बाद रविंद्र जडेजा बल्लेबाजी के लिए आए और देवदत्त पडिक्कल के साथ पारी को आगे बढ़ाया। टीम इंडिया पहले ही चोटों से परेशान है और ऐसे में पंत का बाहर जाना, टीम इंडिया के लिए खतरे की घंटी है। ऐसे में वह विकेटकीपिंग कर पाएंगे कि नहीं, इसका पता तो चोट की गंभीरता के बाद ही चलेगा।

फॉर्म में थे ऋषभ पंत

गॉल टेस्ट की दूसरी पारी में ऋषभ पंत ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली थी। उनकी ताबड़तोड़ पारी की बदौलत भारत ने दूसरी पारी में 193 रन बनाए थे। पंत ने उस मुकाबले में 69 गेंद में 8 चौके और 2 छक्के की मदद से 66 रन की पारी खेली थी। इसी पारी के दौरान उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपने 100 छक्के भी पूरे किए। वह इस फॉर्मेट में 100 छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने थे। इतना ही नहीं वह सबसे तेज 100 छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी बने थे।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article