क्रिकेट

कमबैक भी होगा, वनडे टीम से ड्रॉप होने पर ऋषभ पंत ने तोड़ी चुप्पी

ऋषभ पंत ने पहली बार वनडे टीम से ड्रॉप होने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा वनडे सीरीज में पंत की जगह ध्रुव जुरेल को अतिरिक्त विकेटकीपर के तौर पर शामिल किया गया था। पंत दो साल से व्हाइट बॉल क्रिकेट से दूर हैं।

Image

ऋषभ पंत (साभार-X)

वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए जब टीम इंडिया का ऐलान होना था तो सबसे ज्यादा विकेटकीपर को लेकर चर्चा थी। चर्चा इस बात की थी कि क्या पंत व्हाइट बॉल क्रिकेट में वापसी कर पाएंगे या फिर टीम मैनेजमेंट ध्रुव जुरेल पर भरोसा जताएंगे। जब टीम आई तो पंत के फैंस को निराशा हाथ लगी। टेस्ट में खुद को साबित कर चुके पंत का नाम इस वनडे टीम में नहीं था। उनकी जगह ध्रुव जुरेल को वैकल्पिक विकेटकीपर के तौर पर शामिल किया गया था। अब इस पर ऋषभ पंत ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने 'Business Of Sport' को दिए गए एक पॉडकास्ट में अपनी राय रखी है।

सेटबैक हुआ है कमबैक भी होगा

टीम में जगह ना बना पाने पर पंत ने कहा 'जब इस तरह की चीज होती है तो निश्चित तौर पर आपको दुख होता है, लेकिन एक एथलीट के तौर पर आपको इन चीजों से डील करना आना चाहिए। सेटबैक हुआ है तो कमबैक भी होगा। लोग बात करते हैं कि मेरे साथ ये हो गया, वो गया, लेकिन एक एथलीट के तौर पर ये आपके जीवन का हिस्सा है। आप जानते हैं कि आप इसके लिए कितनी मेहनत कर रहे हैं। कभी-कभी ऐसा होता है कि इस स्तर पर आप सफल नहीं होते हैं। लेकिन अगर आप मानसिक रूप से तैयार हैं तो चीजें ठीक हो सकती है। बाहर के लोगों के लिए अपनी राय देना आसान है, लेकिन आपको सही दिशा में मेहनत करते रहने चाहिए।

दो साल से बाहर हैं ऋषभ पंत

व्हाइट बॉल क्रिकेट की बात करें तो ऋषभ पंत करीब दो साल से टीम से बाहर हैं। उन्होंने अपना आखिरी वनडे अगस्त 2024 में श्रीलंका के खिलाफ जबकि अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला इसी दौरे पर खेला था। आईपीएल की बात करें तो पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए 14 मैच में 28.36 की औसत से केवल 312 रन बनाए थे। इस दौरान उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 68 रन नाबाद रहा था जो सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आया था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article