क्रिकेट

Irani Cup: न्यूजीलैंड दौरे से पहले आकाश दीप की फिटनेस पर होगी नजर, रोहित शर्मा जम्मू-कश्मीर टीम में शामिल

ईरानी कप के लिए शेष भारत और जम्मू-कश्मीर की टीम पूरी तरह से तैयार है। इस मैच में तेज गेंदबाज आकाश दीप पर निगाहें रहेंगी। आकाश दीप आखिरी बार फरवरी में रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में खेले थे और अब उन्हें सात महीने के रिहैबिलिटेशन के बाद अपनी फिटनेस साबित करने के साथ-साथ गेंदबाजी की लय हासिल करने का मौका मिलेगा।

Image

ईरानी कप में आकाश दीप पर होंगी निगाहें। फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। कमर में खिंचाव के कारण सात महीने तक खेल से दूर रहने के बाद वापसी करने वाले तेज गेंदबाज आकाश दीप शेष भारत और रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू कश्मीर के बीच बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले ईरानी कप मुकाबले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। जम्मू और कश्मीर की टीम में रोहित शर्मा को जगह मिली है।

आकाश दीप आखिरी बार फरवरी में रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में खेले थे और अब उन्हें सात महीने के रिहैबिलिटेशन के बाद अपनी फिटनेस साबित करने के साथ-साथ गेंदबाजी की लय हासिल करने का मौका मिलेगा। इस मैच के दौरान कम से कम दो राष्ट्रीय चयनकर्ता उपस्थित रहेंगे और उनका ध्यान निश्चित तौर पर आकाश दीप के प्रदर्शन पर रहेगा जो जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर ब्रार के साथ न्यूजीलैंड जाने वाली टेस्ट टीम में पांचवां तेज गेंदबाज बनने की दौड़ में हैं।

शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में खेला जाएगा मुकाबला

खूबसूरत शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में होने वाले इस मैच में शेष भारत की अगुआई ऋषभ पंत करेंगे, जिसमें घरेलू स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ी शामिल हैं। जम्मू कश्मीर को अपने मुख्य तेज गेंदबाज आकिब नबी की कमी खलेगी जो अभी राष्ट्रीय टीम के साथ हैं। उन्होंने भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे वनडे मैच में अपना डेब्यू किया।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने लंबे समय बाद श्रीनगर में कोई महत्वपूर्ण मैच का आयोजन किया है। इस मैच के लिए दर्शकों को मुफ्त प्रवेश की अनुमति दी गई है और ऐसे में रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू कश्मीर को भरपूर समर्थन मिलने की उम्मीद है।

टीम इस प्रकार हैं:-

शेष भारत: ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), सनत सांगवान, आर स्मरण, आयुष दोसेजा, सरफराज खान (उपकप्तान), शिखर मोहन, सुदीप कुमार घरामी, सारांश जैन, अनुकूल रॉय, आकाश दीप, आर्यन पांडे, मानव सुथार, मुकेश कुमार, मुकेश चौधरी।

जम्मू-कश्मीर: पारस डोगरा (कप्तान), कामरान इकबाल, शुभम खजूरिया, यावेर हसन, शुभम पुंडीर, कन्हैया वधावन (विकेटकीपर), आबिद मुश्ताक, कवलप्रीत सिंह, सुनील कुमार, उमर नजीर, साहिल लोत्रा, वंशज शर्मा, नासिर लोन, रोहित शर्मा।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article