आईपीएल 2025 में हुए मेगा ऑक्शन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को खरीदकर सनसनी मचा दी थी। लखनऊ ने पंत को 27.4 करोड़ रुपये में खरीदा था। वह आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे, ऐसा लग रहा था कि संजीव गोयनका और उनकी जोड़ी लंबा चलेगी, लेकिन दो सीजन बाद ही उनका सफर खत्म हो गया। 2026 सीजन के बाद पंत ने लखनऊ के साथ अलग होने का फैसला किया था। उस वक्त सबके मन में एक ही सवाल था कि आखिर पंत ने लखनऊ का साथ क्यों छोड़ दिया और टीम के मालिक से उनकी आखिरी बातचीत क्या हुई होगी?
अब इस पर संजीव गोयनका ने चुप्पी तोड़ी है और बताया है कि पंत से उनकी आखिरी बातचीत क्या हुई थी। शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में गोयनका ने कहा 'मैंने उन्हें गुड लक कहा और भविष्य की शुभकामनाएं दी। लेकिन हमारी आखिरी बातचीत कांट्रैक्ट तक सीमित नहीं थी। हमने बाद में भी बात की। हमने साथ में डिनर का भी प्लान किया है। मैं ऋषभ को बहुत मानता हूं। उसमें मासूमियत है। वह कहीं से भी अचानक निकलकर आपको पकड़ लेगा। वह कोई प्रेंक करेगा।
लखनऊ के साथ खराब रहा पंत का प्रदर्शन
लखनऊ के साथ ऋषभ पंत की साझेदारी सफल नहीं रही। वह बल्लेबाज और कप्तान दोनों के तौर पर असफल रहे। 28 मैच में पंत केवल 581 रन ही बना सके थे। इसके अलावा कप्तान के तौर पर भी वह फेल रहे। उनकी कप्तानी में एकबार लखनऊ ने 7वें पोजीशन पर जबकि दूसरी बार 10वीं पोजीशन पर फिनिश किया था। पंत आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली के साथ 12 करोड़ कम प्राइस पर जुड़े।
