अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हैं। वह दिवंगत नेता और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव और उनकी पत्नी मालती देवी के पुत्र हैं। राजनीति में उन्होंने साल 2000 में कदम रखा और कन्नौज से सांसद बने। साल 2012 से 2017 के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का भी पद संभाला। वह मात्र 38 साल की उम्र में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बन गए थे। पिता मुलायम सिंह यादव से विरासत में मिली राजनीति को वह आगे बढ़ा रहे हैं। और पिछले 5 साल में उन्होंने कई सारे राजनीतिक प्रयोग भी किए हैं।
साल 2017 का विधानसभा चुनाव उन्होंने कांग्रेस के साथ मिलकर लड़ा था। लेकिन यहां प्रयोग भाजपा के सामने सफल नहीं हो पाया। और गठबंधन को केवल 55 सीटें मिली थीं। इसी तरह 2019 के लोक सभा चुनाव में एक बार फिर अखिलेश यादव ने धुर विरोधी मायावती से हाथ मिलाया था। लेकिन सपा और बसापा का वह प्रयोग भी काम नहीं आया था। पार्टी को केवल 5 सीटों पर जीत मिली। बार-बार प्रयोग करने पर अखिलेश से उनके पिता मुलायम सिंह यादव काफी नाराज भी हुए थे।
हालांकि अखिलेश यादव ने 2022 में एक बार फिर राष्ट्रीय लोक दल सहित छोटे दलों के साथ गठबंधन कर विधानसभा में भाजपा को पटखनी देने की कोशिश की, लेकिन वह प्रयोग भी सफल नहीं हो पाया। इस बीच उनकी पार्टी में भी आंतरिक कलह बड़ी चुनौती बना। उनके चाचा शिवपाल यादव ने अलग पार्टी प्रगतिशील समाजवादी पार्टी बना ली। पिता मुलायम सिंह यादव के बाद अखिलेश यादव के ऊपर समाजवादी पार्टी को मजबूत करने की चुनौती है।