देश

INDIA ब्लॉक के चौथे दिन प्रदर्शन का प्लान तैयार! राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पर सहमति

INDIA Bloc Protest: विपक्षी सांसदों ने चौथे दिन के विरोध प्रदर्शन को लेकर अपनी तैयारी पूरी कर ली है। INDIA ब्लॉक के सदस्यों ने कहा कि सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक प्रोटेस्ट जारी रहेगा।

Image

विपक्षी सांसदों ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि की अर्पित (फोटो साभार: @INCIndia)

Photo : Twitter

INDIA Bloc Protest: विपक्षी सांसदों का मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन लगातार जारी है। विपक्षी सांसद शुक्रवार को यानी चौथे दिन भी विरोध मार्च निकालेंगे। सूत्रों के मुताबिक, विपक्षी दलों की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की मांग को लेकर अभी जवाब का इंतजार है।

10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल तैयार

सूत्रों के मुताबिक, विपक्ष राष्ट्रपति से मुलाकात के लिए 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भेजने की तैयारी कर रहा है। विपक्षी नेताओं की ओर से राष्ट्रपति से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव, तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी और एनसीपी (शरद पवार) की नेता सुप्रिया सुले शामिल हैं।

इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल में शिवसेना (यूबीटी) की ओर से उद्धव ठाकरे या फिर संजय राउत शामिल हो सकते हैं। सीपीआई(एम) के एम. ए. बेबी या दीपांकर भट्टाचार्य तथा इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के . टी. मोहम्मद बशीर के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, राष्ट्रपति की ओर से मुलाकात का समय मिलने के बाद अंतिम सूची तय हो सकती है।

राष्ट्रपति के जवाब का इंतजार

विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगा है और राष्ट्रपति भवन से जवाब का इंतजार कर रहे हैं।दूसरी तरफ, INDIA ब्लॉक ने शुक्रवार के विरोध प्रदर्शन की तैयारी भी शुरू कर दी है। विपक्षी सांसद संसद से विरोध मार्च निकाल सकते हैं।

सांसदों को भेजा गया मैसेज

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के संगठन महासचिव ने पार्टी के सभी सांसदों को दोपहर तीन बजे संसद के सेंट्रल हॉल में एकत्रित होने का मैसेज भेजा है। INDIA गठबंधन के फ्लोर लीडर्स को भी कुछ ऐसा ही संदेश दिया गया है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article