Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी और साहस की जमकर सराहना की है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक संदेश साझा करते हुए कैप्टन स्मित की बुद्धिमत्ता को सलाम किया और उनके जल्द से जल्द पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।
"विषम परिस्थितियों में विवेक और साहस ही सबसे बड़ी ताकत"
अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में कैप्टन स्मित मच्छार के संकट के समय दिखाए गए धैर्य की प्रशंसा करते हुए लिखा "भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सलाम! पूरा देश उन पर गर्व महसूस कर रहा है। विषम और विपरीत परिस्थितियों में बुद्धि और साहस ही सबसे बड़ी ताकत होते हैं। हम उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- Explained: प्लेन हाइजैक की स्थिति में कैसे अलर्ट होता है कंट्रोल रूम? जानिए क्या है प्लेन का 'सीक्रेट कोड' 7500 और SOP
क्या है पूरा मामला
30 सितंबर 2026 को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 (बोइंग 737 MAX) में हवा में करीब 34,000 फीट की ऊंचाई पर एक भयानक घटना घटी। उड़ान के दौरान सह-पायलट ने अचानक हिंसक होकर विमान को क्रैश कराने की नीयत से मुख्य भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया और उन्हें बुरी तरह घायल कर दिया। गंभीर रूप से खून से लथपथ होने और विमान के तेजी से 14,000 फीट नीचे गिरने के बावजूद, कैप्टन स्मित ने साहस दिखाते हुए आपातकालीन सिग्नल (Squawk 7500/7700) भेजा, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों तथा क्रू मेंबर्स को अलर्ट किया। उनकी इस सूझबूझ के कारण यात्रियों व ऑफ-ड्यूटी क्रू ने कॉकपिट में घुसकर हमलावर को-पायलट को काबू में किया, जिसके बाद विमान का सुरक्षित नियंत्रण हासिल कर सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई और उसमें सवार सभी लोगों की जान बच गई।
