देश

UP में BJP और सपा के बीच चल रही 'नूरा कुश्ती', ओवैसी का तीखा हमला

ओवैसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों में मिलीभगत है—एक पक्ष मुसलमानों को निशाना बनाता है, तो दूसरा उनके वोटों का फायदा उठाता है।

Image

ओवैसी का बीजेपी-सपा पर निशाना

Photo : ANI

UP Elections: AIMIM के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने उत्तर प्रदेश की राजनीति को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) पर निशाना साधा है। श्रावस्ती और बहराइच में जनसभाओं को संबोधित करते हुए ओवैसी ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी और सपा केवल "नूरा कुश्ती" कर रहे हैं, जबकि राज्य के मुसलमानों को उनके अधिकारों और न्याय से वंचित रखा जा रहा है।

ओवैसी ने लगाया 'नूरा कुश्ती' का आरोप

ओवैसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों में मिलीभगत है—एक पक्ष मुसलमानों को निशाना बनाता है, तो दूसरा उनके वोटों का फायदा उठाता है। बहराइच में ओवैसी ने समाजवादी पार्टी द्वारा उद्योगपति धनराज नाथवानी को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया गया है जिसके पिता बीजेपी से राज्यसभा सांसद हैं और जिन्होंने झारखंड में क्रास वोटिंग के जरिए INDIA गठबंधन के प्रत्याशी को हराया था।

'हम वोट बैंक नहीं हैं'

INDIA गठबंधन पर हमला बोलते हुए ओवैसी ने स्पष्ट किया कि AIMIM किसी की दरी बिछाने या सिर्फ वोट बैंक के रूप में काम करने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के 19 करोड़ मुसलमान किसी की पैतृक संपत्ति नहीं हैं और उन्हें अपना राजनीतिक प्रतिनिधित्व चाहिए।

सपा को गठबंधन का प्रस्ताव

ओवैसी ने कहा कि अगर बीजेपी को तीसरी बार सरकार बनाने से रोकना है और 'बाबा' (योगी आदित्यनाथ) को मुख्यमंत्री बनने से रोकना है, तो सपा को AIMIM के साथ गठबंधन पर विचार करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर यह प्रस्ताव खारिज होता है, तो उनकी पार्टी पूरे दम-खम के साथ अकेले चुनाव लड़ेगी।

श्रावस्ती के विकास पर सवाल

नीति आयोग की 2023 की रिपोर्ट का हवाला देते हुए ओवैसी ने कहा कि श्रावस्ती जिले की 75% आबादी गरीबी रेखा के नीचे है, बच्चे बुनियादी शिक्षा पूरी नहीं कर पा रहे हैं और कई गांवों में बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं। उन्होंने कहा, दिल्ली में शहंशाह हैं, UP में बाबा और सपा में भैया...इन सबने मिलकर क्षेत्र को बर्बाद कर दिया।

भिनगा से उम्मीदवार का ऐलान

रैली के दौरान ओवैसी ने भिनगा विधानसभा सीट से दद्दन खान को AIMIM का प्रस्तावित उम्मीदवार घोषित किया और जनता से समर्थन मांगा।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article