उत्तर प्रदेश में 10 राज्यसभा सीटों के लिए हो रहे चुनाव में समाजवादी पार्टी ने धनराज नथवानी को टिकट दिया है, इनका जीतना तय है। अब इनके एक पोस्ट को लेकर बवाल मचा हुआ है। दरअसल कल पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर धनराज नथवानी ने उनको बधाई देने के लिए एक लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखा था। पीएम मोदी की तारीफ की थी, वीडियो भी शेयर किया था। अब इसी तारीफ वाले पोस्ट पर सवाल उठ रहे हैं।
AIMIM ने अखिलेश पर किया तीखा प्रहार
AIMIM ने धनराज नथवानी के इस पोस्ट पर अखिलेश को घेरते हुए पूछा है कि यह रिश्त क्या कहलता है। AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान ने कहा, " यह रिश्ता क्या कहलाता है? अखिलेश जी का प्यारा, मोदी जी का महिमामंडन करता है। ये साहब परिवारवादी, यादववाद से ओतप्रोत अखिलेश यादवके PDA (परिवार. धनवान. अहंकार) के योद्धा समाजवादी पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी धनराज नथवानी हैं जो मोदी जी को बधाई दे रहे हैं। हमने पहले ही कहा था यह गुजरात और सैफई की मैच फिक्सिंग है, जिस पर आज उन्होंने खुद ही मोहर लगा दी और यह दूसरों को टीम बोलने का काम करते हैं।
क्यों उठ रहे हैं सपा पर सवाल?
दरअसल धनराज नथवानी, परिमल नाथवानी के बेटे हैं। परिमल नाथवानी खुद बीजेपी के सहयोग से राज्यसभा में हैं, अब बेटा सपा से राज्यसभा जा रहा है। परिमल नाथवानी का अंबानी परिवार से गहरा संबंध है और धनराज नथवानी खुद रिलायंस इंडस्ट्रीज के ग्रुप प्रेसिडेंट हैं। परिवार का सबंध भाजपा से रहा है। ऐसे में जब धनराज नथवानी को टिकट मिला, तब भी सपा सवालों के घेरे में थी और अब जब पीएम मोदी का नथवाणी ने तारीफ किया है, तब भी वो सवालों के घेरे में हैं।
