शहर

हाथ में त्रिशूल, कंधे पर सनातनी गमछा... अयोध्या में बदला अखिलेश का अंदाज, भाजपा के वोटबैंक पर गड़ाई नजर

Akhilesh Ayodhya Visit: अयोध्या में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव का नया लुक दिखाई दिया। कंधे पर सनातनी गमछा और हाथों में त्रिशूल लिए अखिलेश की भाजपा के वोटबैंक पर सेंधमारी की कोशिश में जुटे हुए हैं।

Image

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव (फोटो साभार: @samajwadiparty)

Photo : Twitter

Akhilesh Ayodhya Visit: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सुपर एक्टिव नजर आ रहे हैं। एक तरफ पीडीए की राजनीति करने वाले अखिलेश यादव का गुरुवार को अयोध्या में अलग अंदाज देखने को मिला। हिंदुत्व की पहचान को दोनों हाथ पर थामे अखिलेश यादव मानो सत्तारूढ़ भाजपा को संदेश दे रहे हैं कि हम शह मात के खेल में पीछे नहीं हटेंगे और पटखनी देने वाली रणनीति को पुरजोर तरीके से अपनाएंगे।

अयोध्या में न सिर्फ अखिलेश यादव ने दोनों हाथ पर 'गदा' थामी, बल्कि आगामी चुनाव में सपा उम्मीदवार पवन पांडे के घर पर हो रही श्रीमद् भागवत कथा में शामिल हुए।

सनातनी लुक में दिखे अखिलेश

उत्तर प्रदेश में एक तरफ भाजपा हिंदुत्व की राजनीति को धार दे रही है तो दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी भी अब सनातनी विरोधी इमेज से बाहर निकलने की कोशिश कर रही है। इसी क्रम में अयोध्या में अखिलेश यादव का नया सनातनी लुक देखने को मिला, जहां अखिलेश ने कंधे पर सनातनी गमछा और हाथों में त्रिशूल और सुदर्शन चक्र लेकर राजनीति की नई लकीर खींच दी। साथ ही, उन्हें 'गदा' उठाए हुए भी देखा गया।

भाजपा के वोटबैंक को साधने की कोशिश

अखिलेश ने अयोध्या से सपा के ब्राह्मण चेहरे पवन पांडे पर न सिर्फ दांव लगाया, बल्कि उनके घर पर हो रही श्रीमद् भागवत कथा में भी शामिल हुए। इसके जरिए अखिलेश भाजपा के कोर हिंदुत्व वोटबैंक पर सेंधमारी की कोशिश की। हालांकि, अयोध्या में होने के बावजूद अखिलेश ने राम मंदिर से दूरी बनाई। उन्होंने कहा कि इटावा में केदारेश्वर मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वो राम मंदिर में दर्शन करेंगे।

CM योगी को दे दी बड़ी चुनौती

अखिलेश ने साधु संतों के मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की बड़ी चुनौती दे दी। साथ ही, अयोध्या में विकास के नाम पर लोगों को उजाड़ने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ''अगर बड़े बड़े दावे करने वाले मुख्यमंत्री इतना ही आश्वस्त हैं तो खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं।''

राजनीतिक गलियारों में अखिलेश के अयोध्या दौरे को लेकर चर्चा तेज हो गई और अखिलेश के आज के आयोध्या दौरे को महज एक धार्मिक कार्यक्रम के तौर पर नहीं, बल्कि 2027 के सियासी ट्रेलर के तौर पर देख रहे हैं।

समाजवादी पार्टी जो अभी तक पीडीए के सहारे चुनाव लड़ रही थी, वो अब सनातन का जाप कर रही है। उत्तर प्रदेश में 12 फीसदी ब्राह्मण वोटर हैं, जो 2012 के बाद से सपा से दूर हो गया, लेकिन पवन पांडे को अयोध्या से 2027 का पहला घोषित उम्मीदवार बनाकर और उनकी भागवत कथा में खुद जाकर अखिलेश ने ब्राह्मणों को साधने की कोशिश की।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article