Akhilesh Yadav Attacks UP Govt: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य की योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में शिक्षा और परीक्षा की पूरी व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। भाजपा ने शिक्षा व्यवस्था को सुधारने के बजाय उसे पूरी तरह बर्बाद कर दिया है।
एएनआई के मुताबिक सपा प्रमुख ने युवाओं का पक्ष लेते हुए कहा कि नई पीढ़ी सकारात्मक और आधुनिक सोच वाली है। हमारी सरकार ने कभी युवाओं को लैपटॉप बांटे थे, लेकिन आज के मुख्यमंत्री नौजवानों के मोबाइल और लैपटॉप चलाने पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि पुरानी सोच वाले लोगों को तरक्की पसंद नहीं आती।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: हरियाणा में कुछ बड़ा होने वाला है? CM सैनी समेत 48 BJP विधायक बस में सवार होकर पहुंचे PM आवास
यह बाढ़ कुदरती कम और भाजपा की बनाई ज्यादा-अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश में आई बाढ़ की स्थिति पर बात करते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि यह बाढ़ कुदरती कम और भाजपा की बनाई ज्यादा है। उन्होंने कहा कि नदियों और नालों की सफाई तथा बाढ़ नियंत्रण के लिए आया सारा पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। यही वजह है कि जो नाले और बांध पानी निकालने के लिए बने थे, वे अब उल्टे शहरों में पानी भर रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने स्वदेशी का नाम लेकर भाजपा पर कसा तंज
चुनावी तैयारियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी बूथ स्तर पर अपने PDA (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) कार्यकर्ताओं के साथ लगातार काम कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि सपा की शिकायतों के बाद ही निर्वाचन आयोग को यूपी में 'फॉर्म 7' का गलत इस्तेमाल रोकना पड़ा था।
इसके अलावा अखिलेश यादव ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार समझौतों और अमेरिकी टैरिफ पर चिंता जताते हुए कहा कि अगर विदेशी कृषि और अन्य उत्पाद भारत के बाजारों में भर जाएंगे, तो 'मेक इन इंडिया' का क्या होगा? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग कभी स्वदेशी का नारा देते थे, आज उन्होंने पूरे भारतीय बाजार को विदेशी सामानों से भर दिया है।
