आज के डिजिटल दौर में बच्चों को स्मार्टफोन देना माता-पिता के लिए एक बड़ा फैसला बन गया है। जहां स्मार्टफोन पढ़ाई, जानकारी और नई चीजें सीखने में मदद कर सकता है, वहीं ज्यादा इस्तेमाल बच्चों की आदतों और मानसिक विकास पर असर डाल सकता है।
अधिकतर पैरेंट्स का कहना है कि फोन की सबसे ज्यादा जरूरत खाने के समय हो रही है, क्योंकि मोबाइल के बिना बच्चे खाना ही नहीं खा रहे हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि बच्चों को फोन देने का सही उम्र क्या है? माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने भी कुछ साल पहले इस पर अपनी राय दी थी कि बच्चों को किस उम्र में स्मार्टफोन देना बेहतर हो सकता है?
बिल गेट्स ने किस उम्र को बताया सही?
बिल गेट्स के अनुसार बच्चों को कम उम्र में स्मार्टफोन देने से बचना चाहिए। उन्होंने बताया था कि उनके अपने बच्चों को भी एक तय उम्र तक स्मार्टफोन नहीं दिया गया था। उनका मानना था कि बच्चों को स्मार्टफोन देने से पहले उनमें जिम्मेदारी और डिजिटल दुनिया को समझने की क्षमता विकसित होना जरूरी है।
उनका मानना है लगभग 14 साल की उम्र के बाद बच्चों को स्मार्टफोन देने पर विचार किया जा सकता है। हालांकि हर बच्चे की जरूरत और समझ अलग होती है, इसलिए माता-पिता को बच्चे की परिपक्वता देखकर फैसला लेना चाहिए।
कम उम्र में स्मार्टफोन देने के नुकसान
डॉक्टर्स और एक्सपर्ट का मानना है कि कम उम्र में स्मार्टफोन का ज्यादा इस्तेमाल बच्चों के स्क्रीन टाइम को बढ़ा सकता है। इससे पढ़ाई, नींद और शारीरिक गतिविधियों पर असर पड़ सकता है। इसके अलावा सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग और लगातार नोटिफिकेशन बच्चों का ध्यान भटका सकते हैं। कई बार बच्चे इंटरनेट पर मौजूद ऐसी चीजों तक भी पहुंच सकते हैं जो उनकी उम्र के हिसाब से सही नहीं होतीं।
स्मार्टफोन देने से पहले रखें इन बातों का ध्यान
अगर माता-पिता बच्चों को फोन देते हैं तो कुछ नियम बनाना जरूरी है। जैसे फोन इस्तेमाल करने का समय तय करना, पैरेंटल कंट्रोल लगाना और यह समझाना कि इंटरनेट का सुरक्षित इस्तेमाल कैसे करना है। बच्चों को यह भी सिखाना जरूरी है कि ऑनलाइन अपनी निजी जानकारी साझा न करें और अनजान लोगों से बातचीत में सावधानी बरतें।
डिजिटल युग में संतुलन जरूरी
बिल गेट्स का मानना रहा है कि तकनीक से दूरी बनाना समाधान नहीं है, बल्कि उसका सही इस्तेमाल सीखना जरूरी है। आज के समय में स्मार्टफोन शिक्षा और जानकारी का अच्छा माध्यम बन सकता है, लेकिन इसका इस्तेमाल संतुलित तरीके से होना चाहिए।
