टेक एंड गैजेट्स

WhatsApp में आया Smart Text Actions फीचर, अब चैट से ही सेव कर सकेंगे नंबर और बना सकेंगे कैलेंडर इवेंट

इस फीचर के आने के बाद WhatsApp चैट में जिन शब्दों या जानकारियों को ऐप पहचानेगा, उनके नीचे डॉट वाली लाइन दिखाई देगी। यूजर इस टेक्स्ट पर टैप करके उससे जुड़े ऑप्शन देख सकेंगे।

Image

वॉट्सऐप जल्द ही यूजर्सके लिए नया फीचर रोलआउट करेगा।

WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक नया फीचर Smart Text Actions लेकर आ रहा है। इस फीचर की मदद से यूजर्स चैट में आए फोन नंबर, तारीख, समय, ईमेल आईडी और पते से जुड़े काम सीधे WhatsApp पर ही कर सकेंगे। यानी अब इन जानकारियों को कॉपी करके अलग-अलग ऐप में जाने की जरूरत कम हो जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर Android और iOS दोनों यूजर्स के लिए जारी किया जा रहा है।

Smart Text Actions फीचर?

WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp का यह नया फीचर फिलहाल कुछ चुनिंदा यूजर्स को मिल रहा है। इसके लिए यूजर्स के फोन में WhatsApp का लेटेस्ट वर्जन होना चाहिए। इस फीचर की खास बात यह है कि WhatsApp चैट में लिखी कुछ खास जानकारियों को खुद पहचान लेगा और उनसे जुड़े काम करने के लिए शॉर्टकट दिखाएगा।

उदाहरण के लिए, अगर किसी ने आपको चैट में फोन नंबर, तारीख, समय या ईमेल आईडी भेजी है, तो WhatsApp उस जानकारी को पहचानकर उससे जुड़े विकल्प दिखाएगा।

टेक्स्ट के नीचे दिखेगी डॉट वाली लाइन

इस फीचर के आने के बाद WhatsApp चैट में जिन शब्दों या जानकारियों को ऐप पहचानेगा, उनके नीचे डॉट वाली लाइन दिखाई देगी। यूजर इस टेक्स्ट पर टैप करके उससे जुड़े विकल्प देख सकेंगे। इसके बाद स्क्रीन पर एक छोटा पॉप-अप खुलेगा, जिसमें उस जानकारी से जुड़े काम करने के विकल्प मिलेंगे। पॉप-अप में सबसे ऊपर वही टेक्स्ट भी दिखाई देगा, ताकि यूजर यह देख सके कि WhatsApp ने सही जानकारी पहचानी है या नहीं।

ईमेल तक कर सकेंगे कई काम

Smart Text Actions फीचर में अलग-अलग तरह की जानकारियों के लिए अलग-अलग विकल्प मिलेंगे। अगर चैट में कोई फोन नंबर आया है, तो यूजर उसे कॉपी कर सकते हैं, अपने कॉन्टैक्ट में सेव कर सकते हैं या सीधे कॉल कर सकते हैं।

इसी तरह, अगर किसी मैसेज में तारीख और समय लिखा है, तो यूजर उसे अपने फोन के कैलेंडर में जोड़ सकते हैं या नया इवेंट बना सकते हैं। वहीं, अगर चैट में कोई पता भेजा गया है, तो उसे सीधे मैप्स ऐप में खोलकर रास्ता देख सकते हैं। ईमेल आईडी मिलने पर WhatsApp यूजर को अपने डिफॉल्ट ईमेल ऐप से सीधे ईमेल भेजने का विकल्प भी देगा।

भेजे और मिले दोनों मैसेज पर करेगा काम

रिपोर्ट के मुताबिक, यह फीचर सिर्फ दूसरे लोगों के भेजे हुए मैसेज तक सीमित नहीं रहेगा। यूजर अपने भेजे हुए मैसेज में मौजूद फोन नंबर, तारीख, समय और दूसरी जानकारियों पर भी इन शॉर्टकट्स का इस्तेमाल कर सकेंगे। हालांकि, अगर किसी यूजर को ये सुझाव पसंद नहीं आते हैं, तो वह इन्हें नजरअंदाज करके पहले की तरह सामान्य तरीके से चैट कर सकता है।

यूजर्स से फीडबैक भी लेगा WhatsApp

WhatsApp इस फीचर के जरिए यूजर्स से फीडबैक भी ले सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, किसी टेक्स्ट एक्शन का इस्तेमाल करने के बाद स्क्रीन पर एक विकल्प दिखाई दे सकता है, जिसमें यूजर से पूछा जाएगा कि क्या यह सुझाव उनके काम आया। इससे कंपनी को पता चलेगा कि यूजर्स को कौन से शॉर्टकट पसंद आ रहे हैं और किनमें सुधार की जरूरत है।

कब मिलेगा यह फीचर?

फिलहाल WhatsApp ने Smart Text Actions फीचर को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसे Android और iOS के कुछ चुनिंदा यूजर्स के लिए जारी किया जा रहा है। इसका रोलआउट धीरे-धीरे किया जाएगा। ऐसे में आने वाले दिनों में यह फीचर ज्यादा यूजर्स तक पहुंच सकता है।

Gaurav Tiwari
गौरव तिवारीauthor

गौरव तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट को कवर करते हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 9 वर्षों के अनुभव के साथ, गौरव तकनीकी दुनिया की तेजी से बदलती जानकारियो को सरल और समझने योग्य भाषा में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वह गैजेट रिव्यू, टेलिकॉम अपडेट्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर क्राइम, टिप्स एंड ट्रिक्स, ई-कॉमर्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर की महत्वपूर्ण खबरों पर लगातार काम करते हैं। गौरव अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। उनकी स्टोरीज न सिर्फ टेक-सेवी पाठकों के लिए उपयोगी होती हैं, बल्कि आम यूजर्स को भी नई तकनीक समझने और अपनाने में मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article