WhatsApp ने अपने करोड़ों यूजर्स के लिए ग्रुप चैट में चार नए फीचर्स पेश किए हैं। इन नए फीचर्स का मकसद ग्रुप में होने वाली बातचीत को पहले से ज्यादा आसान और बेहतर बनाना है। अक्सर ऐसा होता है कि किसी ग्रुप में ढेर सारे मैसेज आने की वजह से जरूरी जानकारी पीछे छूट जाती है या फिर कोई नया मेंबर ग्रुप में जुड़ने के बाद पुरानी बातचीत को समझ नहीं पाता। WhatsApp ने यूजर्स की इसी परेशानी को ध्यान में रखते हुए ये नए फीचर्स जोड़े हैं।
अब ग्रुप में जरूरी मैसेज को हमेशा के लिए पिन किया जा सकेगा। इसके अलावा, नए मेंबर के साथ पुरानी चैट शेयर करने, खुद को मेंशन किए गए मैसेज आसानी से देखने और ग्रुप के अंदर ही स्टेटस शेयर करने की सुविधा भी मिलेगी। कंपनी का मानना है कि इन अपडेट्स से यूजर्स को ग्रुप की बातचीत से जुड़े रहना और जरूरी जानकारी हासिल करना पहले से आसान होगा।
अब मैसेज को हमेशा के लिए कर सकेंगे पिन
WhatsApp के नए अपडेट में सबसे खास फीचर मैसेज को हमेशा के लिए पिन करने का है। अभी तक यूजर्स किसी मैसेज को सिर्फ 24 घंटे, 7 दिन या 30 दिन के लिए ही पिन कर सकते थे। लेकिन नए फीचर के आने के बाद ग्रुप में जरूरी मैसेज को हमेशा के लिए पिन करके रखा जा सकेगा। इससे ग्रुप के जरूरी नियम, जानकारी या किसी खास मैसेज को बार-बार ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नए मेंबर को भेज सकेंगे पुरानी चैट
कई बार ऐसा होता है कि कोई नया मेंबर WhatsApp ग्रुप में जुड़ता है, लेकिन उसे पहले हुई बातचीत के बारे में कुछ पता नहीं होता। ऐसे में उसे पूरी बात समझने में परेशानी होती है। इस समस्या को दूर करने के लिए WhatsApp ने नया फीचर पेश किया है। अब ग्रुप एडमिन और मैनेजर किसी नए मेंबर के ग्रुप में जुड़ने के बाद उसे पुरानी चैट के मैसेज भेज सकेंगे। इसके लिए नए मेंबर के नाम पर टैप करके हाल की बातचीत शेयर की जा सकेगी। कंपनी के मुताबिक, शेयर किए जाने वाले मैसेज भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड रहेंगे।
मेंशन वाले मैसेज ढूंढना होगा आसान
WhatsApp ने ग्रुप चैट में मैसेज फिल्टर करने का नया विकल्प भी दिया है। इसकी मदद से यूजर्स उन मैसेज को आसानी से देख सकेंगे, जिनमें उन्हें मेंशन यानी टैग किया गया है। इसके लिए मेंशन फिल्टर का इस्तेमाल करना होगा। ऐसा करने पर चैट में वही मैसेज हाइलाइट होकर दिखाई देंगे, जिनमें यूजर का नाम लिया गया है। इससे लंबी-लंबी ग्रुप चैट में जरूरी मैसेज ढूंढना आसान हो जाएगा।
अब ग्रुप के अंदर भी शेयर कर सकेंगे स्टेटस
WhatsApp का चौथा नया फीचर ग्रुप स्टेटस से जुड़ा है। अब यूजर्स अपना स्टेटस किसी खास WhatsApp ग्रुप के सदस्यों के साथ भी शेयर कर सकेंगे। यानी अगर आप चाहते हैं कि आपका स्टेटस सिर्फ किसी एक ग्रुप के लोगों को दिखे, तो ऐसा कर पाएंगे। यह फीचर WhatsApp के सामान्य स्टेटस की तरह ही काम करेगा। इसमें शेयर की गई फोटो या वीडियो 24 घंटे बाद अपने आप गायब हो जाएगी। ग्रुप के दूसरे सदस्य उस स्टेटस पर रिएक्शन भी दे सकेंगे और अपना स्टेटस भी शेयर कर सकेंगे।
कुल मिलाकर WhatsApp के ये चारों नए फीचर्स ग्रुप चैट को पहले से ज्यादा आसान और उपयोगी बनाने के लिए लाए गए हैं। इससे नए मेंबर्स को पुरानी बातचीत समझने और पुराने मेंबर्स को जरूरी मैसेज तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
