टेक एंड गैजेट्स

Deepfake और AI वीडियो में क्या अंतर है? असली और नकली वीडियो कैसे पहचानें

हम अक्सर Deepfake और AI वीडियोज को एक ही समझ लेते हैं लेकिन वास्तव में इन दोनों में काफी बड़ा अंतर है। इस तरह के वीडियोज आजकल खूब वायरल हो रहे हैं।

Image

Deepfake और AI वीडियो में क्या अंतर है?

आज के डिजिटल दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से बनाए गए वीडियो तेजी से बढ़ रहे हैं। इनमें कुछ वीडियो इतने असली लगते हैं कि इन्हें पहचानना मुश्किल हो जाता है। खासतौर पर Deepfake वीडियो ने लोगों के नाक में दम कर रखा है। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि Deepfake और सामान्य AI वीडियो में क्या अंतर होता है और असली वीडियो की पहचान कैसे की जा सकती है।

Deepfake क्या होता है?

Deepfake एक ऐसी तकनीक है जिसमें AI और मशीन लर्निंग की मदद से किसी व्यक्ति के चेहरे, आवाज या हाव-भाव को बदलकर एक नकली वीडियो तैयार किया जाता है। इसमें किसी असली व्यक्ति के चेहरे को किसी दूसरे वीडियो पर लगाया जा सकता है या उसकी आवाज की नकल करके ऐसा दिखाया जा सकता है जैसे वह व्यक्ति कुछ बोल रहा हो। Deepfake का इस्तेमाल मनोरंजन, फिल्मों और रिसर्च में भी किया जाता है, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल फर्जी खबरें फैलाने, किसी की छवि खराब करने या धोखाधड़ी के लिए भी किया जा सकता है।

AI वीडियो क्या होता है?

AI वीडियो एक बड़ा क्षेत्र है जिसमें पूरी तरह से नया वीडियो AI की मदद से बनाया जा सकता है। इसमें कोई असली व्यक्ति या वीडियो होना जरूरी नहीं है। AI टूल्स टेक्स्ट, फोटो या निर्देश के आधार पर नए कैरेक्टर, आवाज, बैकग्राउंड और पूरी वीडियो तैयार कर सकते हैं यानी Deepfake में अक्सर किसी असली व्यक्ति की पहचान को बदलकर इस्तेमाल किया जाता है, जबकि AI वीडियो पूरी तरह से नया बनाया जा सकता है।

Deepfake और AI वीडियो में मुख्य अंतर

Deepfake:

  • किसी असली व्यक्ति के चेहरे या आवाज को बदलता है।
  • किसी मौजूदा वीडियो पर आधारित होता है।
  • इसमें पहचान की नकल की जाती है।

AI वीडियो:

  • AI से नया वीडियो बनाया जाता है।
  • इसमें काल्पनिक व्यक्ति या दृश्य भी हो सकते हैं।
  • इसमें किसी की पहचान की नकल जरूरी नहीं होती।
  • असली और AI वीडियो पहचानने की टिप्स
  • चेहरे और आंखों को ध्यान से देखें

Deepfake वीडियो में कई बार चेहरे के भाव, आंखों की पलक झपकने का तरीका या चेहरे की हलचल असामान्य लग सकती है। चेहरे के किनारों पर हल्का धुंधलापन भी दिखाई दे सकता है।

आवाज में बदलाव पर ध्यान दें: AI से बनाई गई आवाज कई बार इंसानी आवाज जैसी लगती है, लेकिन उसमें भावनाओं की कमी, अजीब रुकावट या रोबोट जैसी फील आ सकती है।

होंठ और आवाज का मिलान: वीडियो में देखें कि व्यक्ति के होंठों की मूवमेंट और आवाज सही तरीके से मैच कर रही है या नहीं। कई Deepfake वीडियो में यह तालमेल थोड़ा खराब हो सकता है।

वीडियो के सोर्स: अगर कोई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है तो उसे तुरंत सच न मानें। देखें कि वीडियो किस अकाउंट से आया है और क्या किसी भरोसेमंद स्रोत ने इसकी पुष्टि की है।

अजीब बैकग्राउंड और हाथों पर नजर रखें: AI वीडियो में कई बार हाथों की उंगलियां, बैकग्राउंड की चीजें या छोटे-छोटे विवरण गलत दिखाई दे सकते हैं। ये संकेत बता सकते हैं कि वीडियो AI से बनाया गया है।

AI डिटेक्शन टूल्स भी कर सकते हैं मदद: कई ऑनलाइन टूल्स और टेक्नोलॉजी कंपनियां AI से बने कंटेंट की पहचान करने के लिए डिटेक्शन सिस्टम विकसित कर रही हैं। हालांकि कोई भी तरीका 100 प्रतिशत सटीक नहीं होता, इसलिए वीडियो की जांच करते समय कई संकेतों को एक साथ देखना जरूरी है।

सोशल मीडिया पर सावधानी जरूरी

AI तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ फर्जी वीडियो बनाना आसान हो गया है। इसलिए किसी भी सनसनीखेज वीडियो को शेयर करने से पहले उसकी सत्यता जांचना जरूरी है। जागरूकता और थोड़ी सावधानी से Deepfake और नकली AI कंटेंट से बचा जा सकता है।

Pradeep Pandey
प्रदीप पाण्डेय author

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिय... और देखें

End of Article