Himachal Pradesh Bridge Collapse: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार दोपहर निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मसियाणा गांव के पास मटौर-शिमला फोरलेन पर बन रहे इस पुल के निर्माण में जुटे मजदूर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में पांच मजदूर घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को एंबुलेंस से हमीरपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है।
आखिर कैसे हुआ हादसा?
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 2 बजे उस वक्त हुआ, जब एनएचएआई की देखरेख में 90 मीटर लंबे ट्रस ब्रिज को लॉन्च करने का काम चल रहा था। मजदूर क्रेन की मदद से स्टील के स्पैन को आगे बढ़ा रहे थे। इसी दौरान लॉन्चिंग नोज को पियर कैप के ऊपर पहुंचाया जा रहा था, तभी तकनीकी खराबी के कारण पूरा ट्रस स्ट्रक्चर अचानक नीचे गिर गया। इसके साथ निर्माण सामग्री और वहां काम कर रहे मजदूर भी करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरे।
दो की हालत गंभीर
नायब तहसीलदार जगदीश चंद ने बताया कि मौके पर कुल आठ मजदूर काम कर रहे थे। इनमें से दो को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें उपचार के लिए हमीरपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। वहीं, मलबे में फंसे अन्य मजदूरों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। शुरुआती जानकारी में करीब कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई थी, जबकि प्रशासन की ओर से बचाव एवं राहत कार्य तेजी से चलाया जा रहा है।
मैकेनिकल फेलियर से जोड़कर देखा जा रहा घटना को
एनएचएआई ने भी हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि ट्रस ब्रिज की लॉन्चिंग के दौरान लॉन्चिंग नोज के पियर कैप पर पहुंचने के बाद अचानक ढहने की घटना हुई। प्रथम दृष्टया इसे मैकेनिकल फेलियर से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, तकनीकी खराबी की वास्तविक वजह की विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
