शहर

दिल्ली में नकली कॉस्मेटिक बनाने वालों पर सरकार का बड़ा एक्शन, दो अवैध फैक्ट्रियों पर छापेमारी

यह कार्रवाई स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर की गई। विभाग को मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर ड्रग इंस्पेक्टरों की दो अलग-अलग टीमों ने दोनों जगहों पर जांच की।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

दिल्ली में बिना लाइसेंस कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने वालों के खिलाफ सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली सरकार के ड्रग्स कंट्रोल विभाग की टीम ने बाहरी उत्तर दिल्ली के पूठ खुर्द इलाके में चल रही दो अवैध कॉस्मेटिक निर्माण इकाइयों पर छापेमारी की। जांच में दोनों जगह बिना जरूरी लाइसेंस के कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने और उनकी पैकिंग करने का काम किया जा रहा था।

यह कार्रवाई स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के निर्देश पर की गई। विभाग को मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर ड्रग इंस्पेक्टरों की दो अलग-अलग टीमों ने दोनों जगहों पर जांच की। इस दौरान स्किन केयर और पर्सनल केयर से जुड़े कई तरह के कॉस्मेटिक उत्पाद बनाए और पैक किए जाते मिले। जांच में सामने आया कि दोनों इकाइयों के पास कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने का वैध लाइसेंस नहीं था। इस तरह से बिना लाइसेंस उत्पादन करना ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 और कॉस्मेटिक्स रूल्स, 2020 का उल्लंघन है।

तैयार माल से लेकर मशीनें और कच्चा माल जब्त

छापेमारी के दौरान विभाग की टीम ने जांच के लिए कॉस्मेटिक उत्पादों के कानूनी नमूने लिए। इसके अलावा उत्पाद असली हैं या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए संबंधित कंपनियों के निर्माताओं से मिलान करने के लिए अलग से नमूने भी जुटाए गए।कार्रवाई के दौरान बाकी बचे कॉस्मेटिक उत्पादों के स्टॉक के साथ मशीनें, उपकरण, कच्चा माल, अधबने उत्पाद और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त कर ली गई। विभाग ने सभी सामान को नियमानुसार अपने कब्जे में लिया है।

स्वास्थ्य मंत्री बोले- लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार की प्राथमिकता लोगों को सुरक्षित और अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराना है। बिना वैध लाइसेंस के कॉस्मेटिक उत्पाद बनाना कानून का गंभीर उल्लंघन है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों से न सिर्फ नियमों का उल्लंघन होता है, बल्कि लोगों की सेहत और सुरक्षा पर भी खतरा पैदा हो सकता है। उनके निर्देश पर ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने ऐसी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।

सरकारी लैब में होगी उत्पादों की जांच, आगे भी होगी कानूनी कार्रवाई

छापेमारी के दौरान लिए गए कानूनी नमूनों को जांच और विश्लेषण के लिए दिल्ली के सरकारी विश्लेषक के पास भेजा जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों मामलों में विभाग की जांच जारी है और कानून के तहत जरूरी कानूनी प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।दिल्ली सरकार ने साफ किया है कि बिना लाइसेंस कॉस्मेटिक उत्पाद बनाने और बेचने वालों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। लोगों की सेहत और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article