शहर

IIT रुड़की के हॉस्टल में दूसरे वर्ष के छात्र ने की आत्महत्या, कंप्यूटर से मिला सुसाइड नोट

IIT रुड़की के दूसरे वर्ष के एक छात्र का शव उसके हॉस्टल के कमरे में मिला। पुलिस को उसके कंप्यूटर से एक विस्तृत सुसाइड नोट बरामद हुआ है।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

IIT रुड़की के दूसरे वर्ष के एक छात्र का शव उसके हॉस्टल के कमरे में मिला है। पुलिस अब उसकी मौत के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस को छात्र के कंप्यूटर से एक विस्तृत सुसाइड नोट मिला है। वहीं, संस्थान ने शोक संतप्त परिवार की निजता (Privacy) का सम्मान करने की अपील की है।

12 नबंवर यानी गुरुवार देर रात IIT रुड़की के दूसरे वर्ष के एक छात्र का शव उसके हॉस्टल के कमरे में मिला। पुलिस को उसके कंप्यूटर से एक विस्तृत सुसाइड नोट बरामद हुआ है। मृतक की पहचान आयुष राजोरिया के रूप में हुई जो संस्थान के गणित विभाग से 'मैथमेटिक्स एंड कंप्यूटिंग' में BS-MS प्रोग्राम कर रहा था।

दरवाजा खोलने पर पुलिस को छात्र का शव मिला

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, गुरुवार देर रात 112 इमरजेंसी सर्विस के जरिए रुड़की पुलिस कंट्रोल रूम को इस घटना की सूचना मिली। ANI की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस जब हॉस्टल पहुंची तो कमरा अंदर से बंद था।दरवाजा खोलने पर पुलिस को छात्र का शव मिला। SSP भुल्लर ने पुष्टि की है कि राजोरिया की मौत फांसी लगाने से हुई है।

पुलिस को छात्र के कंप्यूटर से सुसाइड नोट मिला

जांच के दौरान, पुलिस को छात्र के कंप्यूटर पर एक विस्तृत सुसाइड नोट मिला। अधिकारियों ने बताया कि जांच के तहत इस नोट में लिखी बातों की पड़ताल की जाएगी और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं चल रही हैं।

IIT रुड़की ने जारी किया बयान, परिवार के लिए निजता की अपील की

IIT रुड़की ने राजोरिया की मौत पर गहरा दुख जताया है और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। शुक्रवार, 13 नवंबर को जारी एक आधिकारिक बयान में मीडिया सेल की प्रभारी सोनिका श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। संस्थान ने यह भी भरोसा दिलाया है कि वह जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दे रहा है और शोक संतप्त परिवार को हर संभव मदद मुहैया करा रहा है। संस्थान ने आगे कहा कि उसका प्रशासन कैंपस समुदाय के साथ खड़ा है और इस दुखद घटना से प्रभावित लोगों को हर तरह का सहयोग देगा। IIT रुड़की ने लोगों से परिवार की निजता का सम्मान करने का आग्रह किया और सभी से अपील की कि जब तक जांच चल रही है, तब तक इस घटना के बारे में कोई अटकलें न लगाएं।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article