वायरल न्यूज़

VIDEO: 12 घंटे खड़े रहो, कुर्सी मांगो तो गुनाह? सिक्योरिटी गार्ड की ये वायरल कहानी आपको अंदर से झकझोर देगी

Viral Video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला सिक्योरिटी गार्ड से उसकी ड्यूटी के बारे में पूछती नजर आती है। गार्ड बताता है कि उसकी ड्यूटी पूरे 12 घंटे की है। बातचीत के दौरान जब महिला ने गार्ड के पैरों पर ध्यान दिया, तो लगातार खड़े रहने की वजह से उसके पैरों में साफ सूजन दिखाई दी, जो हर किसी को झकझोर देने वाली है।

Image

इमोशनल करने वाली कहानी (तस्वीर साभार- @ChapraZila)

Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी की भी आंखें नम हो जाए। ऑफिस, मॉल, और दुकानों के बाहर मुस्तैद दिखने वाले सिक्योरिटी गार्ड्स की जिंदगी से जुड़ा यह वीडियो हर किसी को सोचने पर मजबूर कर रहा है कि क्या मेहनतकश इंसानों को थोड़ी देर बैठने का भी हक नहीं है? आज के दौर में जहां एक तरफ कॉर्पोरेट कल्चर और वर्क-लाइफ बैलेंस को लेकर बड़ी-बड़ी बहसें छिड़ी हुई हैं। वहीं, दूसरी तरफ समाज के निचले पायदान पर काम करने वाले कर्मचारियों की असलियत कुछ और ही बयां करती है।

वायरल वीडियो में एक महिला गार्ड से पूछती है, 'भैया, आपकी जॉब कितने घंटे की है?' इस पर गार्ड बेहद सहजता से जवाब देता है, 12 घंटे की।' महिला हैरान होकर पूछती है कि क्या वह लगातार 12 घंटे खड़े रहते हैं, तो गार्ड हां में जवाब देता है। इसके बाद जब महिला ने उसके पैरों की हालत देखी, तो उसके पैरों पर लगातार खड़े रहने की वजह से साफ सूजन दिखाई दी। वीडियो बना रही महिला ने गार्ड से पूछा कि क्या उसे ड्यूटी के दौरान बैठने के लिए एक कुर्सी मिलनी चाहिए, तो गार्ड ने जो जवाब दिया उसने सबका दिल जीत लिया। गार्ड ने कहा कि यदि बीच में कुछ देर के लिए बैठने का मौका मिल जाए, तो पैरों के दर्द और सूजन से राहत मिल सकती है। महिला ने इस बात का कड़ा समर्थन करते हुए कहा कि हर इंसान को थोड़ी देर बैठने का हक मिलना चाहिए। मॉल या स्टोर के बाहर ड्यूटी कर रहे गार्ड को यदि किनारे पर एक छोटी सी कुर्सी या स्टूल दे दिया जाए, तो इससे काम में कोई बाधा नहीं आएगी। देखें वीडियो...

वीडियो पर छिड़ी बहस

गार्ड की बातें सुनकर आपके भी रोंगटे खड़े हो गए होंगे। जिसने भी यह नजारा देखा वो दंग रह गया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। एक्स पर इस वीडियो को ChapraZila नाम के पेज से शेयर किया गया है। इस वीडियो को हजारों की संख्या में लोग अब तक देख चुके हैं। इतना ही नहीं वीडियो को लेकर लोगों के बीच बहस छिड़ गई है। लोग इस बात की कड़ी आलोचना कर रहे हैं कि सुरक्षा के नाम पर तैनात इन कर्मचारियों के साथ ऐसा बर्ताव क्यों किया जाता है। कई यूजर्स ने मांग की है कि लेबर कानूनों के तहत यह अनिवार्य किया जाना चाहिए कि लंबे समय तक खड़े रहने वाली नौकरियों में कर्मचारियों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था हो। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article